छिंदवाड़ा में शुक्रवार को एक बड़ा हादसा होने से टल गया। बस स्टैंड स्थित बालक शाला परिसर में लगा एक पुराना नीलगिरी का पेड़ अचानक खतरे का सबब बन गया। पेड़ की एक भारी-भरकम डाली टूटकर सीधे पास की दुकान की छत से टकराते हुए सड़क पर खड़े तीन बच्चों पर जा गिरी। इस अचानक हुए हमले से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। गनीमत रही कि बच्चों को गंभीर चोटें नहीं आईं और वे खतरे से बाहर हैं। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए बच्चों को मलबे से बाहर निकाला और प्राथमिक उपचार दिलाया।
यह पूरी घटना स्कूल के पास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। फुटेज में साफ देखा जा सकता है कि कैसे विशाल डाली अचानक गिरती है और बच्चे उसकी चपेट में आ जाते हैं। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि जिस समय यह घटना हुई, उस वक्त स्कूल की छुट्टी हो चुकी थी। यदि यह हादसा स्कूल के वर्किंग ऑवर्स के दौरान होता, तो परिसर में मौजूद दर्जनों बच्चे इसकी चपेट में आ सकते थे। स्थानीय प्रशासन की लापरवाही पर अब सवाल उठ रहे हैं।
हादसे की सूचना मिलते ही सरपंच कपिल ठाकुर मौके पर पहुंचे। उन्होंने ग्राम पंचायत की टीम और जेसीबी मशीन की मदद से सड़क पर पड़ी भारी डाली को तत्काल हटवाया ताकि यातायात बहाल हो सके। सरपंच ने ग्रामीणों को आश्वासन दिया कि परिसर में मौजूद अन्य जर्जर और खतरनाक पेड़ों को जल्द ही चिन्हित कर हटाया जाएगा। वहीं, स्थानीय दुकानदारों और राहगीरों ने प्रशासन से मांग की है कि बस स्टैंड जैसे भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में पुराने पेड़ों की समय रहते छंटाई की जाए।
Leave A Reviews