Office Address

Address Display Here

Phone Number

+91-9876543210

Email Address

info@deshbandhu.co.in

बैतूल: सेवा-संकल्प अभियान, PM मोदी के जन्मदिन पर जलेंगे 21 लाख दीये


बैतूल। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में मध्य प्रदेश के बैतूल जिले में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक व्यापक 'सेवा-संकल्प अभियान' आयोजित किया जाएगा। अभियान के पहले दिन 'आशीर्वाद का दीया' कार्यक्रम के अंतर्गत समूचे जिले में लगभग 21 लाख दीप प्रज्ज्वलित कर प्रधानमंत्री के प्रति आभार प्रकट किया जाएगा। आयोजन की रूपरेखा और तैयारियों को लेकर मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में जनप्रतिनिधियों एवं प्रशासनिक अधिकारियों की संयुक्त समीक्षा बैठक संपन्न हुई।

17 सितंबर शाम 7 बजे एक साथ जगमगाएगा जिला

बैठक में जानकारी दी गई कि 17 सितंबर की शाम 7 बजे जिले के लाल बहादुर शास्त्री स्टेडियम, मां ताप्ती उद्गम स्थल मुलताई, समस्त ग्राम पंचायतों, नगरीय निकायों के प्रत्येक वार्ड, जल संरचनाओं, आरोग्य मंदिरों और प्रमुख सरकारी भवनों में एक साथ दीप प्रज्वलित किए जाएंगे। इसके साथ ही इस दिन जिला अस्पताल, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों और मेडिकल कॉलेजों में वृहद रक्तदान शिविर भी आयोजित होंगे।

महीने भर चलने वाले प्रमुख कार्यक्रम और गतिविधियां

  • मेरे सपनों का भारत (19 से 26 सितंबर जिला स्तर / 4-5 अक्टूबर राज्य स्तर): स्कूलों और कॉलेजों में चित्रकला व भाषण प्रतियोगिताएं होंगी। राज्य स्तरीय विजेताओं को मुख्यमंत्री द्वारा हस्ताक्षरित प्रमाण-पत्र मिलेंगे।

  • नमो सेवा-अनकही कहानियां (19 सितंबर से 5 अक्टूबर): सार्वजनिक स्थलों पर नुक्कड़ नाटकों का मंचन।

  • आंगन मिलन सेवा (26 सितंबर से 5 अक्टूबर): आंगनवाड़ियों में बच्चों व माताओं के लिए पोषण, स्वल्पाहार, स्वास्थ्य जांच और एनीमिया जागरूकता कार्यक्रम।

  • बड़नगर-वाराणसी सेवा यात्रा: 24 सितंबर को बैतूल जिले में प्रवेश करेगी और 25 सितंबर को अगले गंतव्य के लिए रवाना होगी।

  • सेवा सेतु अभियान (2 से 10 अक्टूबर): ब्लॉक और जोन स्तर पर शिविर लगाकर केंद्र व राज्य की जनकल्याणकारी योजनाओं के हितलाभ पात्र हितग्राहियों को मौके पर ही बांटे जाएंगे।

  • सेवा ज्योति कलश यात्रा (7 अक्टूबर): प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में विकास पुस्तिकाओं के वितरण के साथ यात्रा निकाली जाएगी।

  • सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज (12 अक्टूबर): स्टार्टअप्स और इनोवेटर्स के लिए विशेष सत्र। 17 अक्टूबर को नई दिल्ली में राष्ट्रीय स्तर पर 'सुशासन सेवा संवाद' के साथ अभियान का समापन होगा।

अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों को जनसहभागिता के निर्देश

बैठक में केंद्रीय जनजातीय कार्य राज्य मंत्री व बैतूल सांसद दुर्गादास उईके, विधायक डॉ. योगेश पंडाग्रे (आमला), चंद्रशेखर देशमुख (मुलताई), गंगा सज्जन सिंह उईके (घोड़ाडोंगरी), जिला पंचायत अध्यक्ष राजा पवार, कलेक्टर डॉ. सौरभ संजय सोनवणे और जिला पंचायत सीईओ गणेश जायसवाल सहित प्रमुख अधिकारी उपस्थित रहे। केंद्रीय मंत्री ने निर्देश दिए कि अभियान को केवल सरकारी आयोजन न बनाकर ग्राम और नगर स्तर पर शत-प्रतिशत जनसहभागिता सुनिश्चित की जाए।

Date & Time : 2026-09-16 09:29:31

Share:

Leave A Reviews

Related News