Office Address

Address Display Here

Phone Number

+91-9876543210

Email Address

info@deshbandhu.co.in

मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के तहत आवरियां और तारा पहुंचा प्रशासनिक अमला


चिचोली। मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के तहत शुक्रवार को प्रशासनिक अमला शाहपुर विकासखंड के ग्राम आवरियां और तारा पहुंचा। अनुसूचित जनजाति आयोग के सदस्य श्री मंगल सिंह धुर्वे एवं कलेक्टर डॉ. सौरभ संजय सोनवणे ने दोनों ग्रामों में चौपाल लगाकर ग्रामीणों से आत्मीय संवाद किया और उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने सड़क, बिजली, पेयजल सहित अन्य मूलभूत सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं का प्राथमिकता से निराकरण करने के अधिकारियों को निर्देश दिए।

अंत्येष्टि सहायता में देरी पर कलेक्टर ने जताई नाराजगी, 5 हजार तत्काल दिलवाएं

ग्राम तारा में आयोजित चौपाल के दौरान ग्रामीण तन्नू उइके ने बताया कि उनकी बेटी की मृत्यु को एक वर्ष बीत जाने के बाद भी अंत्येष्टि सहायता की राशि प्राप्त नहीं हुई है। मामले को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर डॉ. सोनवणे ने नाराजगी व्यक्त की और पंचायत सचिव को तत्काल 5 हजार रुपये की राशि आवेदक को उपलब्ध कराने तथा शेष राशि का भी शीघ्र भुगतान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने अंत्येष्टि सहायता में हुई देरी की राशि पर ब्याज की वसूली सचिव के वेतन से कर पात्र को दिए जाने के निर्देश दिए। साथ ही ग्राम पंचायत तारा के सचिव की दो वेतन वृद्धि रोकने और उन्हें हटाने के संबंध में भी सख्त निर्देश दिए।

इसी प्रकार ग्राम पंचायत थानेगांव में अंत्येष्टि सहायता के प्रकरण लंबित होने की शिकायत पर संबंधित सचिव को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए। ग्राम डोबारैयत में निर्माण कार्यों की गुणवत्ता खराब होने की शिकायत पर कलेक्टर ने जांच कराने के निर्देश दिए। उन्होंने नलजल योजनाओं के सुचारू संचालन तथा नक्शा दुरुस्तीकरण के लंबित प्रकरणों के निराकरण के लिए भी अधिकारियों को निर्देशित किया।

सड़क और पुल निर्माण के लिए प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश

ग्रामीणों द्वारा तारा से बागलाहरदू मार्ग तक सड़क निर्माण की मांग पर कलेक्टर ने पंचायत को आकलन कर प्राक्कलन तैयार करने और प्रस्ताव शासन को भेजने के निर्देश दिए। मोरांड नदी पर पुल की मांग पर उन्होंने बताया कि पुल निर्माण का कार्य प्रस्तावित कर शासन को भेजा जा चुका है।

पंचायत के आयव्यय की जांच के लिए सोशल ऑडिट टीम गठित करने के निर्देश

जनसंवाद के दौरान ग्रामीणों ने पंचायत द्वारा आयव्यय एवं विकास कार्यों से संबंधित हिसाबकिताब की जानकारी उपलब्ध नहीं कराने की शिकायत की। कलेक्टर ने शिकायत को गंभीरता से लेते हुए सोशल ऑडिट टीम गठित कर जांच कराने के निर्देश दिए। उन्होंने पंचायत के अभिलेखों एवं संबंधित विकास कार्यों की नियमानुसार जांच कर वस्तुस्थिति स्पष्ट करने को कहा। ग्रामीण महिला किरण उइके ने ‘एक बगिया मां के नाम’ अभियान के तहत लगाए गए आम के बगीचे की राशि अब तक नहीं मिलने की शिकायत की। कलेक्टर ने जिला पंचायत के अधिकारी को प्रकरण की जांच कर पात्र हितग्राही को भुगतान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बिजली और खाद्यान्न संबंधी शिकायतों का निराकरण करने के निर्देश

ग्राम तारा के ठाने में ग्रामीणों ने बिजली की समस्या बताई। इस पर कलेक्टर ने एमपीईबी के अधिकारी को समस्या का निराकरण करने के निर्देश दिए। अमरलाल, शुभम एवं अनीता द्वारा खाद्यान्न नहीं मिलने की शिकायत पर संबंधित अधिकारी को तत्काल समस्या के निराकरण के निर्देश दिए गए। कलेक्टर ने ग्रामीणों को खाद्यान्न पर्ची के लिए ईकेवाईसी अनिवार्य रूप से कराने के लिए भी प्रेरित किया, ताकि उन्हें खाद्यान्न प्राप्त करने में परेशानी न हो।

स्वसहायता समूह की महिलाओं की आजीविका गतिविधियों का किया अवलोकन

सदस्य श्री मंगल सिंह धुर्वे एवं कलेक्टर डॉ. सोनवणे ने ग्राम तारा में संतोषी स्वसहायता समूह की महिलाओं द्वारा संचालित सिलाई एवं वस्त्र केंद्र का अवलोकन किया। उन्होंने समूह की महिलाओं से संवाद कर उनकी आजीविका गतिविधियों की जानकारी ली। महिलाओं की सुविधा के लिए आजीविका भवन उपलब्ध कराने के संबंध में जिला प्रबंधक एनआरएलएम को आवश्यक निर्देश दिए।

आवरियां में लंबित प्रकरणों के निराकरण के लिए कैंप लगाने के निर्देश, पटवारी, सचिव और जीआरएस को नोटिस इसके पूर्व ग्राम आवरियां में कलेक्टर ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। पेयजल सप्लाई की समस्या के निराकरण के लिए लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग तथा स्ट्रीट लाइट की समस्या के लिए एमपीईबी को निर्देश दिए। पेंशन के लंबित प्रकरण पर पंचायत सचिव आवरियां को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए। पीएम किसान सम्मान निधि, फौती नामांतरण एवं फार्मर रजिस्ट्री के लंबित प्रकरणों पर पटवारी को नोटिस जारी करने तथा ग्राम में कैंप लगाकर प्रकरणों का निराकरण करने के निर्देश दिए। एमराशन मित्र एवं समग्र अपडेट में लापरवाही पाए जाने पर ग्राम रोजगार सहायक को सेवा समाप्ति का नोटिस जारी करने के निर्देश भी कलेक्टर ने दिए।

आंगनवाड़ी में मेन्यू के अनुसार गुणवत्तापूर्ण भोजन देने की हिदायत

कलेक्टर डॉ. सोनवणे ने ग्राम आवरियां स्थित आंगनवाड़ी केंद्र का निरीक्षण कर बच्चों को दिए जा रहे भोजन की गुणवत्ता का जायजा लिया। उन्होंने स्वयं पोषण आहार चखकर भोजन की गुणवत्ता परखी। आंगनवाड़ी कार्यकर्ता एवं सुपरवाइजर को प्रतिदिन निर्धारित मेन्यू के अनुसार गुणवत्तापूर्ण एवं पौष्टिक भोजन बच्चों को उपलब्ध कराने की सख्त हिदायत दी।

छात्राओं से संवाद कर लक्ष्य निर्धारित करने के लिए किया प्रेरित

कलेक्टर डॉ. सौरभ संजय सोनवणे ने शासकीय माध्यमिक शाला एवं शासकीय हाई स्कूल तारा की छात्राओं से भी आत्मीय संवाद किया। उन्होंने छात्राओं की पढ़ाई, भविष्य की तैयारियों और उनके लक्ष्यों के बारे में जानकारी ली। कलेक्टर ने ओलंपियाड एवं राष्ट्रीय मेरिटकममीन्स छात्रवृत्ति परीक्षा की तैयारियों के संबंध में भी छात्राओं से चर्चा की। उन्होंने छात्राओं से पूछा कि वे भविष्य में क्या बनना चाहती हैं और उन्हें अपने लक्ष्य निर्धारित कर नियमित अध्ययन करने तथा मेहनत एवं लगन के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। इस दौरान सीईओ जिला पंचायत श्री गणेश जायसवाल, एसडीएम श्री प्रपंज आर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहें। 

सामान्य ज्ञान एवं स्वास्थ्य संबंधी प्रश्नों से विद्यार्थियों की  शैक्षणिक गुणवत्ता परखी

कलेक्टर डॉ. सौरभ संजय सोनवणे ने शासकीय हाई स्कूल तारा का भ्रमण कर विद्यार्थियों से आत्मीय संवाद किया। इस दौरान कलेक्टर ने विद्यार्थियों से पढ़ाई से जुड़े सामान्य ज्ञान एवं स्वास्थ्य संबंधी प्रश्न पूछे। उन्होंने विशेष रूप से आंखों के लिए आवश्यक विटामिन, हृदय एवं किडनी से संबंधित प्रश्नों के माध्यम से विद्यार्थियों के सामान्य ज्ञान एवं विषय की समझ को परखा। विद्यार्थियों द्वारा संतोषजनक उत्तर नहीं दिए जाने पर कलेक्टर ने नाराजगी व्यक्त की। कलेक्टर ने प्रभारी प्राचार्य को विद्यालय में शैक्षणिक गुणवत्ता में सुधार लाने तथा विद्यार्थियों की विषयवार समझ विकसित करने के लिए विशेष प्रयास करने के सख्त निर्देश दिए। कलेक्टर ने विद्यालय में उपलब्ध स्मार्ट टीवी का प्रभावी उपयोग करने तथा वीडियो एवं अन्य डिजिटल शैक्षणिक सामग्री के माध्यम से विद्यार्थियों को पढ़ाई कराने के निर्देश दिए।

Date & Time : 2026-09-11 11:01:33

Share:

Leave A Reviews

Related News