
भीलवाड़ा। राजस्थान के भीलवाड़ा जिले में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए सार्वजनिक निर्माण विभाग (PWD) में व्याप्त भ्रष्टाचार के सिंडिकेट का भंडाफोड़ किया है। एसीबी की टीम ने भीलवाड़ा कलेक्ट्रेट परिसर में जाल बिछाकर शाहपुरा पीडब्ल्यूडी के अधिशाषी अभियंता शहजाद मोहम्मद सहित तीन लोगों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया। आरोपियों के पास से मौके पर ही 4 लाख 4 हजार रुपये की नकद रिश्वत राशि बरामद की गई है। इस कार्रवाई के बाद विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों में हड़कंप मच गया है।
बिल पास करने के बदले वसूला जा रहा था मोटा कमीशन एसीबी प्रथम के उप अधीक्षक पुलिस पारसमल ने बताया कि विभाग को शाहपुरा पीडब्ल्यूडी कार्यालय में अवैध कमीशनखोरी की गुप्त सूचना मिली थी, जिसके बाद टीम लगातार संदिग्धों पर नजर रख रही थी। जांच में सामने आया कि अधिशाषी अभियंता शहजाद मोहम्मद ठेकेदारों के बकाया बिल पास करने की एवज में भारी रिश्वत की मांग कर रहा था। चौंकाने वाली बात यह है कि यह राशि न केवल अपने लिए, बल्कि कथित तौर पर अधीक्षण अभियंता खेमचंद मीणा के हिस्से के रूप में भी ली जा रही थी। मंगलवार को जब ठेकेदार मोडूराम धाकड़ और बनवारीलाल से रिश्वत की रकम ली जा रही थी, तभी एसीबी ने कलेक्ट्रेट में ही आरोपियों को दबोच लिया।
घर पर दबिश और नेटवर्क की जांच शुरू रंगे हाथ गिरफ्तारी के तुरंत बाद एसीबी की एक अन्य टीम ने आरोपी शहजाद मोहम्मद के जहाजपुर स्थित आवास पर भी छापेमारी की। यहाँ टीम द्वारा महत्वपूर्ण दस्तावेजों, बेनामी संपत्तियों और अन्य संदिग्ध सामग्रियों की सघन जांच की जा रही है। एसीबी ने भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है और अब इस पूरे नेटवर्क की गहराई से जांच की जा रही है। अधिकारियों का मानना है कि पूछताछ के दौरान इस रिश्वतखोरी के खेल में शामिल विभाग के कुछ अन्य बड़े नामों और बिचौलियों की भूमिका का भी खुलासा हो सकता है।
Leave A Reviews