
भोपाल. केंद्रीय बजट 2026 के विरोध में राजधानी भोपाल में कांग्रेस ने अनोखे तरीके से प्रदर्शन किया। कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने हाथों में झुनझुना लेकर सरकार के खिलाफ नाराजगी जताई और आरोप लगाया कि बजट में महिलाओं, युवाओं, किसानों, मजदूरों और मध्यम वर्ग के लिए कोई ठोस प्रावधान नहीं किए गए हैं। यह प्रदर्शन कांग्रेस प्रदेश महामंत्री अमित शर्मा के नेतृत्व में हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता और महिलाएं शामिल रहीं।
प्रदर्शन में शामिल महिलाओं ने कहा कि उन्हें बजट से काफी उम्मीदें थीं, लेकिन सरकार ने सिर्फ वादे किए हैं और जमीनी समस्याओं का कोई समाधान नहीं दिया। उन्होंने प्रतीकात्मक रूप से झुनझुना बजाकर सरकार के दावों को खोखला बताया।
मध्यप्रदेश विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने भी बजट पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि यह आम जनता के लिए नहीं, बल्कि दिखावे और खोखले वादों का दस्तावेज है। उन्होंने कहा कि किसानों की आय दोगुनी करने के दावे हकीकत से कोसों दूर हैं और प्रदेश का किसान न्यूनतम समर्थन मूल्य को लेकर सबसे ज्यादा परेशान है। मक्का जैसी फसलें लागत से भी कम दाम पर बिक रही हैं, लेकिन बजट में इस समस्या का कोई समाधान नहीं है।
उमंग सिंघार ने युवाओं के रोजगार, मनरेगा मजदूरों, जल जीवन मिशन और मध्यम वर्ग को लेकर भी सरकार पर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि बड़े उद्योगपतियों को राहत दी जा रही है, जबकि आम जनता और नौकरीपेशा वर्ग को इनकम टैक्स में कोई राहत नहीं मिली। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि इसी कारण पार्टी सड़क पर उतरकर बजट के खिलाफ विरोध दर्ज करा रही है।

Leave A Reviews