Office Address

Address Display Here

Phone Number

+91-9876543210

Email Address

info@deshbandhu.co.in

सतना में बिना लाइसेंस दूध पैकेजिंग पर बड़ी कार्रवाई, विजय डेयरी पर छापा, मशीन सीज, 75 पैकेट दूध जब्त

सतना जिले में आमजन की सेहत से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा विभाग ने सख्त कार्रवाई करते हुए शुक्रवार को बड़ी छापेमारी की। बिना वैध लाइसेंस और आवश्यक अनुमति के दूध की पैकेजिंग कर रही विजय डेयरी फार्म पर विभागीय टीम ने छापा मारकर पैकेजिंग मशीन सीज कर दी और पैक किया हुआ दूध जब्त किया।

खाद्य सुरक्षा अधिकारी अभिषेक बिहारी गौड़, शीतल सिंह और अशोक कुर्मी के नेतृत्व में टीम ने लालता चौक क्षेत्र स्थित विजय डेयरी का औचक निरीक्षण किया। जांच के दौरान पाया गया कि डेयरी संचालक बिना लाइसेंस दूध की पैकेजिंग कर रहा था। इसके अलावा परिसर में स्वच्छता मानकों का पालन नहीं किया जा रहा था और आवश्यक रिकॉर्ड व दस्तावेज भी अधूरे मिले।

कार्रवाई के दौरान मौके से 75 पैकेट पैक दूध जब्त किए गए तथा दूध पैकेजिंग में उपयोग की जा रही मशीन को तत्काल प्रभाव से सीज कर दिया गया। डेयरी संचालक को कारण बताओ नोटिस जारी कर जवाब तलब किया गया है।

इसके साथ ही विभाग ने दूध, पनीर, खोया और घी सहित कुल छह खाद्य पदार्थों के नमूने एकत्र कर राज्य खाद्य प्रयोगशाला भेजे हैं। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

अभियान के तहत गौशाला चौक स्थित ज्ञान डेयरी का भी निरीक्षण किया गया, जहां से दूध का नमूना लिया गया। निरीक्षण के समय आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत न किए जाने पर संचालक को नोटिस जारी किया गया।

खाद्य सुरक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि बिना लाइसेंस, अस्वच्छ परिस्थितियों में और नियमों के विरुद्ध खाद्य सामग्री का निर्माण व विक्रय किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। दोषी पाए जाने पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Share:

Leave A Reviews

Related News