
अंबाह (मुरैना). मध्य प्रदेश के मुरैना जिले के अंबाह में शनिवार-रविवार की दरमियानी रात हथियारबंद बदमाशों ने तांडव मचाया. बदमाशों ने प्रसिद्ध किन्नर राबिया के घर पर धावा बोलकर चार किन्नरों को हथियारों के दम पर बंधक बनाया और लाखों के जेवरात व नकदी लेकर फरार हो गए. वारदात को इतनी योजनाबद्ध तरीके से अंजाम दिया गया कि बदमाश घर में लगे सीसीटीवी का डीवीआर (DVR) भी अपने साथ ले गए.
छत के रास्ते घुसे 8 नकाबपोश बदमाश
घटना रात करीब 1:30 से 2:00 बजे के बीच की है. एसडीओपी अंबाह रवि भदौरिया के अनुसार, लगभग 8 हथियारबंद बदमाश छत के रास्ते राबिया किन्नर के घर में दाखिल हुए. घर में उस वक्त मुखिया राबिया, राधिका, श्री और रिया किन्नर मौजूद थे. बदमाशों ने सबसे पहले चारों को एक कमरे में बंधक बनाया और हथियार दिखाकर शोर न मचाने की धमकी दी.
शरीर से भी उतरवाए जेवर, कटर से काटे ताले
लुटेरों ने क्रूरता दिखाते हुए किन्नरों के शरीर की तलाशी ली और उनके द्वारा पहने गए सोने-चांदी के गहने भी उतरवा लिए. इसके बाद बदमाशों ने 'फनर' (लोहा काटने वाला औजार) से घर की अलमारियों और तिजोरियों के ताले काट दिए.
लूट का विवरण: बदमाशों ने 15 तोला सोने के जेवर, 5 किलो चांदी और करीब 3 लाख रुपये नकद लूट लिए (हालांकि राबिया किन्नर ने 22 तोला सोना और 4 लाख कैश का दावा किया है).
शातिराना अंदाज: पुलिस को सबूत न मिले, इसलिए बदमाश जाते-जाते सीसीटीवी कैमरे का डीवीआर उखाड़ ले गए.
पूरी रेकी के बाद दी वारदात को अंजाम
टीआई अंबाह सतेंद्र सिंह कुशवाह ने बताया कि प्राथमिक जांच से स्पष्ट है कि बदमाशों ने घर की पूरी रेकी की थी. उन्हें पता था कि घर में कितने लोग हैं और कीमती सामान कहाँ रखा है. बदमाशों ने करीब आधे घंटे तक घर के अंदर रुककर इत्मीनान से डकैती की. पुलिस अब इलाके के अन्य रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से लुटेरों का सुराग लगा रही है.
Leave A Reviews