Office Address

Address Display Here

Phone Number

+91-9876543210

Email Address

info@deshbandhu.co.in

बिजुरी पुलिस का नशे के सौदागरों पर प्रहार: नशीले इंजेक्शन बेचने वाली महिला गिरफ्तार, 100 नग प्रतिबंधित ड्रग्स बरामद


बिजुरी: अनूपपुर जिले में नशीले पदार्थों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बिजुरी पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस अधीक्षक मोती उर्र रहमान के निर्देशन में की गई इस कार्रवाई में पुलिस ने भारी मात्रा में प्रतिबंधित नशीले इंजेक्शन जब्त किए हैं। भालुगुडार क्षेत्र में लंबे समय से नशीली दवाओं की बिक्री की शिकायत मिल रही थी, जिस पर पुलिस ने त्वरित एक्शन लेते हुए मुख्य आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया है।

मुखबिर की सूचना पर घर में दी गई दबिश पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, सोमवार (4 मई 2026) को विश्वसनीय मुखबिर से सूचना मिली थी कि वार्ड क्रमांक 07, भालुगुडार निवासी पुष्पा उर्फ रानी सिंह उइके अपने घर में बिक्री के उद्देश्य से भारी मात्रा में नशीले इंजेक्शन छिपाकर रखे हुए है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जगन्नाथ मरकाम और एसडीओपी कोतमा आरती शाक्य के मार्गदर्शन में बिजुरी पुलिस ने बताए गए स्थान पर घेराबंदी कर दबिश दी। तलाशी के दौरान आरोपी महिला के कब्जे से 'फेनिलामाइन मेलेट' (Pheniramine Maleate) के 50 नग और 'बुप्रेनोरफिन' (Buprenorphine) के 50 नग, कुल 100 नग प्रतिबंधित इंजेक्शन बरामद किए गए।

बिना दस्तावेजों के बेचे जा रहे थे इंजेक्शन, एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज जब्त किए गए इंजेक्शनों के संबंध में जब आरोपी महिला से वैध दस्तावेज मांगे गए, तो वह कोई भी कागजात प्रस्तुत नहीं कर सकी। प्रतिबंधित दवाओं को अवैध रूप से बेचने और रखने के अपराध में पुलिस ने पुष्पा उर्फ रानी सिंह उइके (32 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/22 और औषधि निवारण अधिनियम 1949 की धारा 5/13 के तहत मामला दर्ज किया है। जब्त किए गए माल की कुल कीमत करीब 20,000 रुपये आंकी गई है।

नेक्सस की तलाश में जुटी पुलिस कार्रवाई के बाद आरोपी महिला को माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया गया है। पुलिस अब इस तथ्य पर गहन विवेचना कर रही है कि आरोपी ने ये नशीले इंजेक्शन कहाँ से प्राप्त किए थे और इस अवैध कारोबार के तार और किन-किन लोगों से जुड़े हैं। इस सफल कार्रवाई में बिजुरी थाना प्रभारी विकास सिंह, सउनि प्रभाकर पटेल, आरक्षक लक्ष्मण डांगी, मनोज उपाध्याय, रवि सिंह और महिला आरक्षक संगम तोमर की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Share:

Leave A Reviews

Related News