
रोम. इटली के तट के पास भूमध्य सागर (Mediterranean Sea) से एक हृदय विदारक घटना सामने आई है। प्रवासियों से भरी एक नाव समुद्र की लहरों की भेंट चढ़ गई, जिसमें सवार कम से कम 71 लोग लापता बताए जा रहे हैं। राहत और बचाव एजेंसियों के अनुसार, यह हादसा उस समय हुआ जब ये लोग लीबिया से अवैध रूप से यूरोप पहुंचने की कोशिश कर रहे थे।
व्यापारिक जहाजों ने देवदूत बनकर बचाई जान हादसे की सूचना मिलते ही पास से गुजर रहे दो व्यापारिक जहाजों ने तुरंत मोर्चा संभाला। कड़ी मशक्कत के बाद समुद्र की लहरों के बीच से 32 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जबकि दो शव बरामद किए गए हैं। जीवित बचे लोगों ने बताया कि नाव में कुल 105 लोग सवार थे, जिनमें महिलाएं और बच्चे भी शामिल हो सकते हैं। शेष 71 लोगों की तलाश के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है, हालांकि समय बीतने के साथ उनके बचने की उम्मीदें कम होती जा रही हैं।
लैम्पेडुसा द्वीप पर राहत कार्य जारी राहत कार्यों में जुटी संस्थाओं 'Mediterranea Saving Humans' और 'Sea-Watch' ने जानकारी दी है कि बचाए गए पीड़ितों को इटली के लैम्पेडुसा द्वीप पर लाया गया है। यहाँ उन्हें प्राथमिक चिकित्सा, भोजन और अन्य मानवीय सहायता प्रदान की जा रही है। बचाए गए लोग गहरे सदमे में हैं और अपने साथियों के खोने से गमगीन हैं।
खराब मौसम और बढ़ता जोखिम जानकारों का कहना है कि इस साल भूमध्य सागर में मौसम के मिजाज ने यात्राओं को और भी जानलेवा बना दिया है। उत्तर अफ्रीका से यूरोप की ओर पलायन करने वाले प्रवासियों के लिए यह मार्ग दुनिया के सबसे खतरनाक समुद्री रास्तों में से एक माना जाता है। खराब मौसम और ओवरलोडेड नावों के कारण आए दिन ऐसे हादसे हो रहे हैं, जो अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रवासन संकट की गंभीर तस्वीर पेश करते हैं।
Leave A Reviews