
राजसमंद. रिश्तों के कत्ल की एक ऐसी रोंगटे खड़े कर देने वाली वारदात सामने आई है, जिसने मानवीय संवेदनाओं को झकझोर कर रख दिया है. राजस्थान के राजसमंद जिले में दो सगे भाइयों ने महज 50 लाख रुपये की बीमा राशि हड़पने के लिए अपने ही भाई की बेरहमी से हत्या कर दी. आरोपियों ने इस खूनी खेल को 'सड़क हादसा' साबित करने की पूरी कोशिश की, लेकिन पुलिस की पैनी नजरों से बच नहीं सके.
साजिश का ताना-बाना: गुजरात से बुलावा
पुलिस जांच में सामने आया कि मृतक देवीसिंह रावत और उसके भाई दुध सिंह (उर्फ दिनेश) और भगवान सिंह गुजरात के अहमदाबाद में मजदूरी करते थे. लालची भाइयों ने देवीसिंह के नाम पर मोटी बीमा राशि की जानकारी मिलते ही उसे रास्ते से हटाने का प्लान बनाया. होली और जमीन की रजिस्ट्री का बहाना बनाकर उसे गांव बुलाया गया.
शराब पार्टी और फिर बेरहम कत्ल
6 मार्च की रात साजिश के तहत देवीसिंह को शराब पिलाई गई. जब वह नशे में धुत हो गया, तो आरोपी उसे कुंडेली रोड स्थित सुनसान रीको (RICO) एरिया में ले गए. वहां आरोपियों ने भारी पत्थरों से देवीसिंह का सिर कुचल दिया. वारदात को अंजाम देने के बाद शव को सड़क किनारे फेंक दिया गया और पास ही उसकी बाइक छोड़ दी गई, ताकि देखने वालों को यह महज एक 'हिट एंड रन' केस लगे.
पुलिस ने ऐसे बेनकाब किए 'अपनों' के चेहरे
7 मार्च को शव मिलने के बाद ग्रामीणों ने इसे हत्या बताते हुए प्रदर्शन किया था. पुलिस ने जब एफएसएल (FSL) जांच और आरोपियों की मोबाइल लोकेशन खंगाली, तो कड़ियाँ जुड़ती चली गईं. शक की सुई भाइयों पर घूमी और कड़ाई से पूछताछ में उन्होंने अपना जुर्म कबूल कर लिया. पुलिस ने दोनों भाइयों समेत उनके साथी सुरेंद्र सिंह और टीकम सिंह को भी गिरफ्तार कर लिया है.
Leave A Reviews