
छिंदवाड़ा। जिले के शिवपुरी (रावनवाड़ा थाना क्षेत्र) में गुरुवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे में परासिया निवासी अगरबत्ती व्यापारी मुकेश काले की मौत हो गई। यह दुर्घटना उस समय हुई जब झुररे की ओर से आ रहा कोयले से भरा एक ट्रक अनियंत्रित होकर सामने से आ रही कार पर पलट गया। इस हादसे में कार सवार एक अन्य व्यक्ति सुरेंद्र मालवीय घायल हो गए हैं, जिनका उपचार जारी है।
जानकारी के अनुसार, ट्रक क्रमांक MH 40 CB 4001 का टायर अचानक फट गया, जिससे चालक वाहन पर से नियंत्रण खो बैठा। अनियंत्रित ट्रक सड़क के मोड़ पर सामने से आ रही सफेद रंग की कार (क्रमांक MP 28 CA 0724) पर जा पलटा। ट्रक में लदा भारी मात्रा में कोयला कार के ऊपर गिर गया, जिससे कार पूरी तरह दबकर क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे के वक्त कार में अगरबत्ती कंपनी के संचालक मुकेश काले अपने साथी सुरेंद्र मालवीय के साथ सवार थे।
दुर्घटना के तुरंत बाद अफरा-तफरी मच गई। साथी सुरेंद्र मालवीय किसी तरह कार से बाहर निकलने में सफल रहे, लेकिन मुकेश काले मलबे और क्षतिग्रस्त कार के बीच बुरी तरह फंस गए। सूचना मिलते ही रावनवाड़ा थाना पुलिस बल के साथ मौके पर पहुँची और तत्काल रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया।
रावनवाड़ा थाना प्रभारी कंचन राजपूत ने बताया कि कार में फंसे व्यापारी को बाहर निकालने के लिए करीब 2 घंटे तक कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। रेस्क्यू के बाद मुकेश काले को गंभीर हालत में अस्पताल पहुँचाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर मामला दर्ज कर लिया है और दुर्घटना के कारणों की विस्तृत जांच शुरू कर दी है।
Leave A Reviews