
चिचोली। नगर के बच्चों एवं युवाओं के प्रमुख तपश्री खेल मैदान की बदहाल स्थिति को लेकर युवाओं एवं खेलप्रेमियों ने तहसीलदार श्याम सिंह उइके को ज्ञापन सौंपकर मैदान के संरक्षण और व्यवस्थाओं में सुधार की मांग की। ज्ञापन में बताया गया कि तपश्री खेल मैदान में जगह-जगह बजरी फैली हुई है, जिससे खिलाड़ियों और बच्चों के चोटिल होने का खतरा बना रहता है। मैदान के बाथरूम की स्थिति भी खराब है तथा पेयजल के लिए लगाया गया RO लंबे समय से बंद पड़ा है। इसके अलावा मैदान में शराब सेवन जैसी गतिविधियों पर रोक लगाने और नियमित निगरानी की मांग भी की गई।
आजाद क्लब के संरक्षक सैम आर्य ने कहा कि लगातार सार्वजनिक एवं गैर-खेल आयोजनों के कारण तपश्री खेल मैदान की स्थिति खराब हुई है। टेंट, वाहनों और भारी आवाजाही से मैदान में बजरी फैली हुई है इसलिए मैदान में ऐसे आयोजनों की अनुमति नहीं दी जानी चाहिए और इसे केवल खेल गतिविधियों के लिए सुरक्षित रखा जाए। उन्होंने कहा कि उनके द्वारा कई बार मौके पर नगर परिषद अध्यक्ष को भी स्थिति से अवगत कराया गया, लेकिन अब तक कोई सुनवाई नहीं हुई।

आजाद क्लब के सदस्य हर्ष भुसारी ने बताया कि तपश्री खेल मैदान बच्चों और युवाओं के लिए खेल गतिविधियों का प्रमुख केंद्र है, लेकिन वर्तमान में मैदान की स्थिति खिलाड़ियों के लिए परेशानी का कारण बन गई है। जगह-जगह फैली बजरी, खराब बाथरूम, बंद RO और मैदान में होने वाली नशे की गतिविधियों के कारण यहां आने वाले बच्चों और युवाओं को असुविधा होती है। उन्होंने कहा कि नगर परिषद को तत्काल मैदान का निरीक्षण कराकर सफाई, समतलीकरण और मूलभूत सुविधाओं की व्यवस्था करनी चाहिए।
मिकिंश आर्य, भानु ठाकुर एवं आयुष देशमुख ने कहा कि तपश्री ग्राउंड के प्रति नगर परिषद की जिम्मेदारी जैसे खत्म हो गई है। मैदान की देखरेख पर नगर परिषद का कोई ध्यान नहीं है। न तो नियमित रूप से सफाई की जाती है और न ही मैदान की व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने के लिए कोई कर्मचारी नजर आता है। लंबे समय से मैदान की बदहाली के बावजूद जिम्मेदार अधिकारियों द्वारा कोई ठोस पहल नहीं की जा रही है।
नियाज़ ख़ान, शुभम सावरकर एवं मुनि सोनी ने बताया कि खेल मैदान बच्चों और युवाओं के स्वास्थ्य एवं शारीरिक विकास से सीधे जुड़ा है। इसलिए मैदान को खेल गतिविधियों के लिए सुरक्षित और व्यवस्थित रखना प्रशासन की प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने मैदान से बजरी हटाकर समतलीकरण कराने तथा मूलभूत सुविधाएं दुरुस्त एवं तपश्री खेल मैदान को उसके मूल उद्देश्य के अनुरूप विकसित एवं संरक्षित करने की माँग की है।

ज्ञापन देने वालो में प्रमुख रूप से सैम आर्य, हर्ष भुसारी, मिक्की आर्य, भानु ठाकुर, नियाज़ ख़ान, शुभम सावरकर, मूनी सोनी, ऋषभ आर्य, राजिक ख़ान, हर्षित आर्य, अभिनव आर्य, सर्वेश आर्य, चेतन प्रधान, अभिजीत मदरेले, मोनू यादव, आयुष देशमुख, मयूर खरे, प्रिंस राठौर, सुजल सोनी, जागृत मालवीय, दुरूप बंसकर, जुबेर शाह, रोहित बंसकर, कुणाल यादव, अज़हर ख़ान, अयूब ख़ान एवं आर्यांश आर्य सहित आधा सैकड़ा से अधिक युवा एवं खेलप्रेमी मौजूद रहे।
Leave A Reviews