
चित्रकूट, देशबन्धु। सतना जिले के चित्रकूट थाना क्षेत्र के रजौला वार्ड नंबर 12 में शुक्रवार सुबह करंट लगने से मां-बेटे की दर्दनाक मौत हो गई। घर में बोरिंग मशीन चालू करते समय 10 वर्षीय बालक करंट की चपेट में आ गया। बेटे की चीख सुनकर उसे बचाने पहुंची मां भी बिजली के करंट की चपेट में आ गई। हादसे में दोनों की जान चली गई।
घटना के बाद परिवार में मातम छा गया, वहीं पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है। इस संबंध में मिली जानकारी के अनुसार, शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे सुनील कुमार (10), पिता जगतपाल, घर में पानी भरने के लिए बोरिंग मशीन चालू करने गया था। बताया जा रहा है कि बिजली का तार बोर्ड में लगाते समय वह करंट की चपेट में आ गया और चीखने लगा। बेटे की आवाज सुनकर उसकी मां अनीता देवी (35) उसे बचाने के लिए दौड़ी, लेकिन वह भी करंट की चपेट में आ गई। देखते ही देखते मां-बेटे दोनों गंभीर हादसे का शिकार हो गए।
खेत से घर लौटे पिता, जमीन पर पड़े मिले मां-बेटे
घटना के समय घर में मां-बेटे के अलावा कोई अन्य सदस्य मौजूद नहीं था। अनीता देवी के पति जगतपाल खेत में काम करने गए थे। दोपहर में घर लौटने पर उन्होंने पत्नी और बेटे को जमीन पर बेसुध पड़ा देखा। उनकी चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे।दोनों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चित्रकूट ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
अस्पताल प्रबंधन से सूचना मिलने के बाद चित्रकूट थाना पुलिस ने मामले में कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने मर्ग कायम कर दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रारंभिक तौर पर मामला करंट लगने से हुई दुर्घटना का प्रतीत हो रहा है। हालांकि, हादसे के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस जांच कर रही है।
इस हृदयविदारक घटना ने परिवार और क्षेत्रवासियों को झकझोर कर रख दिया है। एक ही हादसे में मां और बेटे की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। घटना घरेलू बिजली उपकरणों का इस्तेमाल करते समय सावधानी बरतने और विद्युत सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त रखने की जरूरत को भी रेखांकित करती है।
Leave A Reviews