
सतना। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव शुक्रवार को भगवान श्रीराम की तपोभूमि चित्रकूट पहुंचे। यहां आयोजित पांच दिवसीय दीपोत्सव मेले में शामिल होकर उन्होंने मंदाकिनी नदी के पंचवटी घाट पर दीपदान किया। मुख्यमंत्री ने मां मंदाकिनी की पूजा-अर्चना कर देश और प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की। इस दौरान उन्होंने चित्रकूट के संतों को शाल, श्रीफल और अंगवस्त्र भेंटकर सम्मानित किया और उनका आशीर्वाद लिया।
मुख्यमंत्री ने चित्रकूट धाम से गुप्त गोदावरी तक बनने वाली फोरलेन सड़क का भूमिपूजन कर निर्माण कार्य की शुरुआत की। उन्होंने कहा कि सरकार धार्मिक स्थलों का विकास केवल पर्यटन की दृष्टि से नहीं, बल्कि तीर्थाटन की भावना से कर रही है। उज्जैन के महाकाल लोक की तर्ज पर ओरछा में रामराजा लोक और चित्रकूट में भव्य वनवासी राम लोक का निर्माण कराया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि चित्रकूट भगवान श्रीराम की तपोभूमि है। उन्होंने अपने वनवास के 11 साल से अधिक समय यहां बिताए थे। ऐसे पवित्र स्थल का विकास श्रद्धालुओं की आस्था और उनकी सुविधाओं को ध्यान में रखकर किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने भगवान कामतानाथ मंदिर पहुंचकर दर्शन और पूजा-अर्चना की। प्राचीन मुखारबिंद के दर्शन के बाद उन्होंने श्रद्धालुओं को दीपावली की मिठाई बांटी और पर्व की शुभकामनाएं दीं। इस दौरान मुख्यमंत्री का सहज अंदाज भी देखने को मिला। वे सड़क किनारे लगी चाय की दुकान पर पहुंचे और कुल्हड़ में चाय पी। उन्होंने श्रद्धालुओं से बातचीत की और दीपदान के लिए दीपक बेच रहे बच्चों से आत्मीयता से मुलाकात की। मुख्यमंत्री ने बच्चों से दीपक भी खरीदे।
मुख्यमंत्री ने मेला क्षेत्र में श्रद्धालुओं के लिए बनाए गए स्वास्थ्य शिविर का निरीक्षण किया। उन्होंने डॉक्टरों और चिकित्सा कर्मियों से वहां उपलब्ध सुविधाओं और श्रद्धालुओं को दी जा रही उपचार सहायता की जानकारी ली। मुख्यमंत्री को अपने बीच देखकर स्वास्थ्यकर्मी उत्साहित नजर आए। इस दौरान उन्होंने डॉक्टरों के साथ सेल्फी भी ली।
इसके बाद मुख्यमंत्री ने मेला क्षेत्र में श्रद्धालुओं की आवाजाही की सुविधा के लिए बनाए गए पीपा पुल का भी अवलोकन किया।
कार्यक्रम में नगरीय विकास एवं आवास राज्यमंत्री प्रतिमा बागरी, सांसद गणेश सिंह, चित्रकूट विधायक सुरेंद्र सिंह गहरवार, चित्रकूट विकास प्राधिकरण अध्यक्ष विजय यादव, दीनदयाल शोध संस्थान के संगठन सचिव अभय महाजन सहित अन्य जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक व पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।
Leave A Reviews