
जबलपुर। दीपावली और छठ पूजा के दौरान रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए पश्चिम मध्य रेलवे के जबलपुर मंडल ने यात्री सुविधाओं और सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं। इसी सिलसिले में वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक शशांक गुप्ता ने वाणिज्य विभाग की टीम के साथ जबलपुर रेलवे स्टेशन का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने होल्डिंग एरिया, टिकट काउंटर, खानपान स्टॉल, साफ-सफाई और भीड़ प्रबंधन की व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान यात्रियों की आवाजाही व्यवस्थित रखने और प्लेटफॉर्म पर अनावश्यक भीड़ को नियंत्रित करने के लिए किए गए इंतजामों की समीक्षा की गई। अधिकारियों को यात्रियों को ट्रेनों के आगमन, प्रस्थान और प्लेटफॉर्म की जानकारी समय पर उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए।
त्योहारों के दौरान टिकट लेने में यात्रियों को परेशानी न हो, इसके लिए जबलपुर, कटनी और कटनी मुड़वारा रेलवे स्टेशनों पर अतिरिक्त टिकट काउंटर संचालित करने की व्यवस्था की गई है। इसके अलावा एटीवीएम (ऑटोमैटिक टिकट वेंडिंग मशीन) और एम-यूटीएस (M-UTS) मोबाइल ऐप के जरिए अनारक्षित टिकट बुकिंग को बढ़ावा दिया जा रहा है।
यात्रियों की सहायता और मार्गदर्शन के लिए हेल्प डेस्क बनाए गए हैं। साथ ही अतिरिक्त रेलवे कर्मचारियों की तैनाती भी की गई है, ताकि टिकटिंग और स्टेशन पर आवागमन से जुड़ी समस्याओं का जल्द समाधान किया जा सके।
अधिक यात्री भार को देखते हुए जबलपुर रेलवे स्टेशन पर करीब 5,000 वर्गफुट क्षेत्र में होल्डिंग एरिया विकसित किया गया है। इसके अलावा कटनी, कटनी मुड़वारा और सतना रेलवे स्टेशन पर 2,000-2,000 वर्गफुट क्षेत्र में होल्डिंग एरिया की व्यवस्था की गई है।
इन स्थानों पर यात्रियों को व्यवस्थित तरीके से ठहराने की व्यवस्था की गई है, ताकि प्लेटफॉर्म पर एक साथ अधिक भीड़ जमा न हो और यात्रियों का आवागमन सुचारु बना रहे। निरीक्षण के दौरान वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक ने इन क्षेत्रों की व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया।
त्योहारों के दौरान प्रमुख रेलवे स्टेशनों और ट्रेनों में अतिरिक्त टिकट चेकिंग स्टाफ की तैनाती की गई है। रेलवे सुरक्षा बल (RPF) के जवान स्टेशन और रेलवे परिसरों में विशेष निगरानी रख रहे हैं।
सुरक्षा के लिए सीसीटीवी कैमरों से लगातार निगरानी की जा रही है। डॉग स्क्वाड की मदद से जांच भी की जा रही है। इसके साथ ही पटाखों और अन्य ज्वलनशील सामग्री के अवैध परिवहन को रोकने के लिए विशेष सतर्कता बरती जा रही है।
निरीक्षण के दौरान शशांक गुप्ता ने स्टेशन के खानपान स्टॉलों पर उपलब्ध सुविधाओं और खाद्य सामग्री की व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने स्टाफ को खानपान की व्यवस्था और स्टेशन परिसर की साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।
यात्रियों को ट्रेनों के आगमन, प्रस्थान और प्लेटफॉर्म की जानकारी समय पर मिल सके, इसके लिए स्पष्ट और समयबद्ध उद्घोषणा सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया।
Leave A Reviews