
छिंदवाड़ा में लोकायुक्त पुलिस ने गुरुवार को सीएमएचओ कार्यालय में छापा मारकर एक कंप्यूटर ऑपरेटर को 50 हजार रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया। आरोपी जितेंद्र यदुवंशी ने एक किडनी पीड़ित और दिव्यांग नर्सिंग ऑफिसर पुष्पा बरकड़े से उनकी पदस्थापना (अटैचमेंट) के बदले यह रकम मांगी थी।
जानकारी के अनुसार, नर्स पुष्पा बरकड़े ने इलाज में सुविधा के लिए सीएमएचओ कार्यालय में अटैचमेंट का आवेदन दिया था। कलेक्टर ने जनसुनवाई में उनकी समस्या को गंभीरता से लेते हुए सीएमएचओ को निर्देश दिए थे कि उन्हें कार्यालय में अटैच किया जाए। लेकिन कार्यालय में मौजूद कंप्यूटर ऑपरेटर जितेंद्र यदुवंशी ने पैसे की मांग कर दी। पुष्पा ने 20 हजार रुपए देने की बात कही, लेकिन वह 50 हजार रुपए पर अड़ा रहा। शिकायत के बाद लोकायुक्त ने जाल बिछाया और जैसे ही पुष्पा ने 50 हजार रुपए दिए, उसे रंगे हाथों दबोच लिया।
लोकायुक्त पुलिस अब मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है। इस घटना ने स्वास्थ्य विभाग में भ्रष्टाचार के गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
Leave A Reviews