Office Address

Address Display Here

Phone Number

+91-9876543210

Email Address

info@deshbandhu.co.in

सिंगरौली में TI दिलीप पुरी की मौत पर कांग्रेस का प्रदर्शन, निष्पक्ष जांच की मांग


सिंगरौली। देवास जिले के खातेगांव थाना प्रभारी (TI) दिलीप पुरी गोस्वामी की अवैध शराब से भरे ट्रक की चपेट में आने से हुई मौत के मामले ने पूरे मध्य प्रदेश में राजनीतिक तूल पकड़ लिया है। इस घटना के विरोध में मंगलवार को जिला कांग्रेस कमेटी सिंगरौली ने जिला मुख्यालय बैढ़न स्थित अंबेडकर चौराहे पर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। बड़ी संख्या में जुटे कांग्रेस पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने सड़क किनारे मानव श्रृंखला बनाकर प्रदेश सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन की शुरुआत में उपस्थित नेताओं और कार्यकर्ताओं ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत थाना प्रभारी की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की और उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।

अपराधियों के हौसले बुलंद, पुलिस अधिकारी भी सुरक्षित नहीं: कांग्रेस

प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने प्रदेश की कानून व्यवस्था पर तीखे सवाल खड़े किए। शहर कांग्रेस अध्यक्ष प्रवीण सिंह ने कहा कि जिस तरह अवैध शराब के तस्करों ने निडर होकर एक कर्तव्यनिष्ठ थाना प्रभारी को ट्रक से कुचल दिया, वह इस बात का स्पष्ट प्रमाण है कि राज्य में प्रशासनिक नियंत्रण पूरी तरह समाप्त हो चुका है। जब खाकी वर्दी पहनने वाले जिम्मेदार पुलिस अधिकारी ही माफिया के सामने सुरक्षित नहीं हैं, तो आम जनता की सुरक्षा की कल्पना कैसे की जा सकती है। नेताओं ने आरोप लगाया कि प्रदेश भर में शराब, रेत और अन्य नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार से जुड़े संगठित सिंडिकेट पूरी तरह बेखौफ होकर सक्रिय हैं।

राजनीतिक संरक्षण के आरोप, निष्पक्ष जांच और इस्तीफे की मांग

प्रदर्शनकारियों को संबोधित करते हुए प्रवीण सिंह चौहान ने आरोप लगाया कि सत्ता से जुड़े रसूखदार लोग शराब और रेत माफियाओं को खुला संरक्षण दे रहे हैं, जिसके चलते पुलिस और प्रशासन इन पर प्रभावी लगाम लगाने में बेबस नजर आ रहा है। जिला कांग्रेस कमेटी ने मांग की कि इस पूरे घटनाक्रम की किसी निष्पक्ष और उच्चस्तरीय एजेंसी से जांच कराई जाए। कांग्रेस ने स्पष्ट किया कि केवल ट्रक चालक या स्थानीय स्तर पर कार्रवाई पर्याप्त नहीं है, बल्कि शराब के अवैध कारोबार के पूरे सिंडिकेट और उसे संरक्षण देने वाले चेहरों को बेनकाब कर सजा दी जाए। घटना की नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए कांग्रेस ने प्रदेश सरकार से तत्काल इस्तीफे की मांग उठाई।

Date & Time : 2026-11-03 12:21:49

Share:

Leave A Reviews

Related News