
यमुनानगर. हरियाणा के यमुनानगर स्थित भेड़थल गांव में गुरुवार सुबह एक भयानक हादसा हुआ. एक सिलेंडर से दूसरे सिलेंडर में गैस पलटते समय लगी आग और उसके बाद हुए जोरदार धमाके में 11 लोग गंभीर रूप से झुलस गए. घायलों में सात बच्चे और दो महिलाएं भी शामिल हैं. धमाका इतना शक्तिशाली था कि तीन क्वार्टरों के बीच की दीवारें गिर गईं और छतों में दरारें आ गईं.
कैसे हुआ हादसा?
पुलिस जांच के अनुसार, बिहार के मधुबनी निवासी रामशरण और रामज्ञान अपने परिवारों के साथ यहां क्वार्टरों में रहते हैं और प्लाई फैक्ट्री में काम करते हैं. गुरुवार सुबह करीब 8:00 बजे रामशरण के कमरे में एक बड़े सिलेंडर से छोटे सिलेंडर में गैस पलटी जा रही थी. इसी दौरान गैस लीक होकर पूरे कमरे में फैल गई. पास में ही चूल्हा जल रहा था, जिसने लीक हुई गैस को पकड़ लिया और आग लग गई.
धमाके के बाद मची चीख-पुकार
आग लगते ही जैसे ही रामशरण बाहर की ओर भागा, एक जोरदार धमाका हुआ. धमाके के कारण क्वार्टरों की दो दीवारें गिर गईं और अंदर मौजूद सभी लोग मलबे और आग की चपेट में आ गए.
घायल: हादसे में 2 महीने की बच्ची पारो सहित सात बच्चे (शांति, वैष्णवीं, सुहानी, नेहा, अंशु, वियांशी) और चार वयस्क (रामशरण, रामज्ञान, रेणु, संगीता) बुरी तरह झुलस गए हैं.
PGI चंडीगढ़ रेफर
हादसे के तुरंत बाद डायल-112 की मदद से सभी घायलों को जगाधरी के उपजिला अस्पताल ले जाया गया. डॉक्टरों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद सभी 11 घायलों को PGI चंडीगढ़ रेफर कर दिया है.
पुलिस की कार्रवाई
थाना सदर जगाधरी प्रभारी तरसेम सिंह ने बताया कि मौके से दो सिलेंडर बरामद किए गए हैं. प्रारंभिक जांच में यह साफ है कि अवैध रूप से गैस रिफिलिंग की जा रही थी, जो इस हादसे का मुख्य कारण बनी. पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है.
Leave A Reviews