
दमोह। शहर में बिजली बिल की भारी बकाया राशि की वसूली के लिए बिजली विभाग ने अब बेहद सख्त रुख अख्तियार कर लिया है। करोड़ों रुपये के घाटे से जूझ रही बिजली कंपनी ने शुक्रवार को पुलिस बल के साथ मिलकर बड़े बकायादारों के खिलाफ कुर्की की कार्रवाई शुरू की। इस अभियान के तहत विभाग की टीम ने पथरिया फाटक और नया बाजार क्षेत्र में दबिश देकर दो उपभोक्ताओं के दोपहिया वाहन जब्त किए।
अधीक्षण अभियंता एमएल साहू के निर्देश पर की गई इस कार्रवाई में सबसे पहले टीम पथरिया फाटक स्थित शिवशक्ति मंदिर के पास माया जाटव के निवास पर पहुंची, जिन पर 64,000 का बिल बकाया था। यहाँ टीम ने एक बाइक जब्त की। हालांकि, इस दौरान एक युवक ने अधिकारियों को धमकाने और काम में बाधा डालने की कोशिश की, लेकिन पुलिस की मौजूदगी के कारण विवाद आगे नहीं बढ़ सका। इसके बाद टीम ने नया बाजार के चार मल्लपुरा में दयाशंकर अहिरवार के घर से भी एक बाइक जब्त की, जिन पर 42,178 का बकाया था।
विभाग के अनुसार, दमोह शहर में लगभग 7,000 उपभोक्ताओं पर कुल ₹4 करोड़ 68 लाख का बकाया है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि बार-बार अपील के बावजूद भुगतान न करने वालों के विरुद्ध भू-राजस्व संहिता 1959 की धारा 146 और 147 के तहत संपत्ति कुर्की की कार्रवाई की जा रही है। साथ ही, अवैध रूप से बिजली का उपयोग करने वालों के खिलाफ पुलिस में प्राथमिकी भी दर्ज कराई गई है। विभाग ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द बिल जमा नहीं किए गए, तो यह अभियान और भी तेज किया जाएगा।
Leave A Reviews