
पन्ना। जिले के बृजपुर क्षेत्र से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां चार छोटे बच्चे आम खाने की चाहत में करीब 30 किलोमीटर पैदल चल पड़े। भीषण गर्मी और तपती सड़कों पर नंगे पैर चल रहे इन मासूम बच्चों को देखकर स्थानीय ग्रामीणों ने तुरंत मदद की और पुलिस को सूचना दी।
जानकारी के अनुसार, ये सभी बच्चे सतना जिले के उम्रदही गांव के रहने वाले हैं। उनकी पहचान सनी, जितेंद्र, उमेन और मयंक के रूप में हुई है। बच्चों ने बताया कि वे पन्ना के मकड़ी कुठार स्थित अपनी नानी के घर आम खाने की इच्छा से घर से निकल पड़े थे।
जब ये बच्चे बृजपुर पहुंचे, तब उनकी हालत काफी खराब हो चुकी थी। स्थानीय निवासी रूपेश जैन और अन्य ग्रामीणों की नजर जब इन बच्चों पर पड़ी, तो वे तुरंत मदद के लिए आगे आए। बच्चों में से दो नंगे पैर थे, जबकि बाकी दो के पैरों में चप्पल और जूते थे। तेज धूप और गर्म सड़क के कारण बच्चों के पैरों और शरीर पर थकान साफ झलक रही थी।

ग्रामीणों ने बच्चों को तुरंत पानी पिलाया और खाना खिलाया, जिससे उनकी हालत में सुधार हुआ। इसके बाद बृजपुर पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों के सहयोग से बच्चों के परिजनों का पता लगाया और उन्हें सूचना दी।
कुछ ही समय बाद परिजन मौके पर पहुंचे और बच्चों को सुरक्षित अपने साथ ले गए। इस घटना ने एक ओर जहां बच्चों की मासूमियत को दर्शाया, वहीं यह भी दिखाया कि अनजाने में ऐसे कदम कितने खतरनाक साबित हो सकते हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि बच्चों को रास्ते में आने वाले खतरों का कोई अंदाजा नहीं था। अगर समय रहते ग्रामीणों की नजर उन पर नहीं पड़ती, तो कोई बड़ी अनहोनी भी हो सकती थी।
Leave A Reviews