
दमोह: जिले के जबलपुर नाका चौकी अंतर्गत समन्ना बायपास पर एक रोंगटे खड़े कर देने वाला सड़क हादसा सामने आया है। सड़क किनारे बिना किसी इंडिकेटर या चेतावनी संकेत के खड़ी एक लोहे की सरिया से भरी ट्रैक्टर-ट्राली काल बन गई। अंधेरे के कारण बाइक सवार को खड़ी ट्राली का अंदाजा नहीं लगा और वह सीधे उससे जा टकराया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ट्राली में पीछे निकली हुई लोहे की सरिया बाइक सवार के पेट और शरीर के अन्य हिस्सों के आर-पार हो गई।
शेख शफीक ने पेश की मानवता की मिसाल हादसे के वक्त वहां से गुजर रहे गड़ी मोहल्ला निवासी शेख शफीक ने देवदूत बनकर घायल की मदद की। उन्होंने अपनी जान की परवाह किए बिना तुरंत पुलिस को सूचित किया और स्थानीय लोगों की मदद से सरिया में फंसे घायल को कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला। घायल की पहचान पटेरा थाना क्षेत्र के सतरिया गांव निवासी 50 वर्षीय दामोदर पटेल के रूप में हुई है। शेख शफीक ने घायल के शरीर से हो रहे अत्यधिक रक्तस्राव को रोकने के लिए मौके पर मौजूद कपड़ों और बैग का इस्तेमाल कर प्राथमिक उपचार दिया और तुरंत जिला अस्पताल पहुंचाया।
नाजुक हालत में जबलपुर रेफर हादसे के समय घायल दामोदर पटेल के पास रुपयों से भरा एक बैग भी मिला है, जिसे सुरक्षित रखा गया है। वह दमोह से अपने गांव की ओर जा रहे थे। जिला अस्पताल के डॉक्टरों ने प्रारंभिक उपचार के बाद बताया कि सरिया शरीर के अंगों में गहरे तक धंस गई है, जिससे स्थिति अत्यंत नाजुक बनी हुई है। बेहतर इलाज के लिए उन्हें तत्काल जबलपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया है। फिलहाल पुलिस ने ट्रैक्टर-ट्राली को कब्जे में लेकर चालक की तलाश और मामले की जांच शुरू कर दी है।
Leave A Reviews