
सागर जिले के सानौधा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम साजली में मदरसे के पास एक युवक का शव पेड़ पर फंदे से लटका मिला। घटना की सूचना मिलते ही इलाके में सनसनी फैल गई। राहगीरों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
जानकारी के अनुसार, बुधवार रात सड़क किनारे लगे पेड़ पर युवक का शव फंदे से लटका दिखाई दिया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को नीचे उतारा और पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भिजवाया। गुरुवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
घटनास्थल के पास एक बाइक खड़ी मिली थी। पुलिस ने बाइक की जानकारी जुटाई, जिसके आधार पर मृतक की पहचान 29 वर्षीय लीलाधर अहिरवार निवासी घोघरा, हाल निवासी साजली के रूप में हुई।
परिजनों ने बताया कि लीलाधर बुधवार सुबह घर से निकला था। दोपहर बाद उसका मोबाइल बंद हो गया। परिवार के लोगों ने कई बार संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन फोन बंद मिला। देर रात सूचना मिली कि साजली गांव के पास उसने पेड़ पर फांसी लगा ली है।
परिजनों के अनुसार, लीलाधर अहिरवार की शादी करीब 15 साल पहले हुई थी। वह पिछले कुछ वर्षों से अपनी ससुराल साजली में रह रहा था। भोपाल में वह बिल्डिंग मटेरियल मिक्स करने वाली मशीन चलाने का काम करता था। उसके तीन बच्चे हैं।
सानौधा थाना पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल आत्महत्या के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
Leave A Reviews