Office Address

Address Display Here

Phone Number

+91-9876543210

Email Address

info@deshbandhu.co.in

मध्यप्रदेश में यौन हिंसा पीड़ित बच्चों की मदद करेंगी ‘शौर्या दीदी’


भोपाल। यौन हिंसा से पीड़ित बच्चों को संकट के समय मानसिक संबल और भरोसेमंद सहयोग देने के लिए मध्यप्रदेश में ‘शौर्या दीदी’ पहल शुरू की गई है। इस पहल के तहत नामांकित महिलाओं को बच्चों से संवेदनशील संवाद करने, उनका विश्वास जीतने और उन्हें जरूरी सहायता सेवाओं से जोड़ने का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। मध्यप्रदेश हाईकोर्ट की किशोर न्याय समिति के अध्यक्ष न्यायमूर्ति आनंद पाठक ने इस पहल को प्रदेश के सभी जिलों में विस्तारित करने का सुझाव दिया है।

बुधवार, 25 नवंबर को पॉक्सो अधिनियम के तहत यौन हिंसा से प्रभावित बच्चों की सहायता के लिए नामांकित ‘शौर्या दीदियों’ का एक दिवसीय क्षमतावर्धन एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह कार्यक्रम हाईकोर्ट की किशोर न्याय समिति की 11 जुलाई 2026 को हुई बैठक में दिए गए निर्देशों के अनुपालन में आयोजित किया गया।

सभी जिलों में विस्तार का सुझाव

न्यायमूर्ति आनंद पाठक ने शौर्या दीदियों से यौन हिंसा से प्रभावित बच्चों की सहायता और संरक्षण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि इस पहल को प्रदेश के सभी जिलों तक पहुंचाने का प्रयास किया जाना चाहिए, ताकि पीड़ित बच्चों को संवेदनशील सहायता और उचित मार्गदर्शन मिल सके।

इस पहल का उद्देश्य बच्चों को कानूनी सहायता के साथ भावनात्मक और मनो-सामाजिक संबल उपलब्ध कराना है। इसके जरिए बच्चों को हिंसा के आघात से उबरने और सुरक्षित, सम्मानजनक तथा भयमुक्त वातावरण में जीवन को नई दिशा देने में सहयोग मिलेगा।

‘लुक, लिसन एंड लिंक’ का दिया प्रशिक्षण

प्रशिक्षण कार्यक्रम में नेशनल फॉरेंसिक साइंस यूनिवर्सिटी (एनएफएसयू), गांधीनगर, गुजरात की वरिष्ठ वैज्ञानिक अधिकारी ठकराल ने मनो-सामाजिक प्राथमिक उपचार और संकट के समय संवाद कौशल की जानकारी दी। उन्होंने ‘लुक, लिसन एंड लिंक’ यानी बच्चे की स्थिति को समझना, संवेदनशीलता के साथ उसकी बात सुनना और उसे जरूरी सहायता सेवाओं से जोड़ने की प्रक्रिया समझाई।

उन्होंने बताया कि पीड़ित बच्चे के साथ पहला संपर्क बेहद महत्वपूर्ण होता है। ऐसे समय में शौर्या दीदी का व्यवहार बच्चे के मन से भय और तनाव कम करने तथा उसका विश्वास जीतने में मददगार हो सकता है।

वहीं, यूनिसेफ मध्यप्रदेश के बाल संरक्षण अधिकारी गोविंद बेनीवाल ने पॉक्सो अधिनियम के तहत पीड़ित बच्चों के लिए उपलब्ध सहायता सेवाओं की जानकारी दी।

12 जिलों की 100 प्रतिभागियों ने लिया प्रशिक्षण

कार्यक्रम में प्रदेश के 12 जिलों से कुल 100 प्रतिभागी शामिल हुए। इनमें ग्वालियर, भिंड, मुरैना, गुना, दतिया, विदिशा, शिवपुरी, मंडला, रायसेन, हरदा, बैतूल और नर्मदापुरम की ऊर्जा महिला हेल्प डेस्क प्रभारी, शौर्या दल की सदस्य, चयनित आंगनवाड़ी कार्यकर्ता और बाल कल्याण समिति के सदस्य शामिल थे।

एनएफएसयू, गांधीनगर में प्रशिक्षित मास्टर ट्रेनर्स के माध्यम से प्रतिभागियों का क्षमतावर्धन किया गया। इस अवसर पर हाईकोर्ट की किशोर न्याय समिति के रजिस्ट्रार अनिल कुमार भी उपस्थित रहे।

Date & Time : 2026-11-25 12:19:09

Share:

Leave A Reviews

Related News