Office Address

Address Display Here

Phone Number

+91-9876543210

Email Address

info@deshbandhu.co.in

डिंडौरी में धारदार हथियार लहराते घूमते दिखा अधेड़, बाजार में लोगों पर किया वार का प्रयास


डिंडौरी जिले अंतर्गत समनापुर थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। क्षेत्र के भानपुर और जलेगांव घिवरी इलाके में गुरुवार को एक अधेड़ उम्र का व्यक्ति हाथ में धारदार हथियार (बका) लेकर सरेआम बाजार और सड़कों पर घूमता नजर आया। शुक्रवार को इस घटना का करीब 47 सेकंड का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। वीडियो सामने आने के बाद समूचे ग्रामीण अंचल में भय और असुरक्षा का माहौल निर्मित हो गया है। खुले बाजार और भीड़भाड़ वाली सड़कों पर धारदार हथियार लहराए जाने की इस घटना को लेकर ग्रामीणों ने पुलिस-प्रशासन से कड़ी कार्रवाई की गुहार लगाई है।

ग्रामीणों की ओर चलाया हथियार, बाल-बाल बचे राहगीर

सोशल मीडिया पर वायरल हुए 47 सेकंड के वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि संबंधित व्यक्ति बेखौफ होकर सड़क पर घूम रहा है और हाथ में पकड़े धारदार बके को हवा में लहरा रहा है। वीडियो के एक दृश्य में वह सड़क किनारे मौजूद ग्रामीणों की ओर हथियार से वार करने का प्रयास करता हुआ भी दिखाई दे रहा है। गनीमत यह रही कि समय रहते लोग पीछे हट गए, जिससे कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ और किसी को चोट नहीं आई।

ग्रामीणों के अनुसार, बाजार स्थल पर महिलाएं, बच्चे और बुजुर्ग बड़ी संख्या में दैनिक खरीदारी के लिए आते हैं। ऐसे में सार्वजनिक स्थान पर इस तरह खुलेआम घातक हथियार लेकर घूमना किसी बड़ी अनहोनी को न्योता देने जैसा है। स्थानीय निवासी राजेंद्र यादव ने दावा किया कि संबंधित व्यक्ति की पहचान कृष्ण कुमार उर्फ रवि के रूप में हुई है, जो पास के गांव का निवासी है और पहले भी इस प्रकार की असामान्य हरकतों से लोगों के लिए परेशानी का सबब बनता रहा है।

मानसिक संतुलन ठीक न होने की बात आई सामने, पंचायत से तैयार कराया जा रहा प्रस्ताव

सार्वजनिक सुरक्षा पर उठे सवालों के बीच समनापुर थाना पुलिस ने मामले का संज्ञान लिया है। समनापुर थाना प्रभारी हरिशंकर तिवारी ने बताया कि घटना गुरुवार की है और सूचना प्राप्त होते ही पुलिस बल मौके पर भेजा गया था। पुलिस की प्राथमिक पड़ताल में संबंधित व्यक्ति की मानसिक स्थिति ठीक न होने की जानकारी सामने आई है।

थाना प्रभारी ने बताया कि सुरक्षात्मक और वैधानिक प्रक्रिया के तहत ग्राम पंचायत से विधिवत प्रस्ताव तैयार कराया जा रहा है, ताकि संबंधित व्यक्ति को आवश्यक चिकित्सकीय देखरेख और उपचार के लिए भेजा जा सके। मामले की पूरी रिपोर्ट वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को प्रेषित कर दी गई है और क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक कानूनी कदम उठाए जा रहे हैं।

Date & Time : 2026-09-11 09:42:39

Share:

Leave A Reviews

Related News