Office Address

Address Display Here

Phone Number

+91-9876543210

Email Address

info@deshbandhu.co.in

दमोह-जबलपुर हाईवे पर कार और बस की सीधी टक्कर, एक ही परिवार के 3 लोगों की मौत, दो गंभीर


जबलपुर/दमोह. मध्य प्रदेश के दमोह-जबलपुर स्टेट हाईवे पर शुक्रवार की देर शाम एक बेहद दर्दनाक और भीषण सड़क हादसा हो गया। यहाँ एक तेज रफ्तार कार और बस के बीच हुई सीधी भिड़ंत में कार सवार एक ही परिवार के तीन लोगों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की सूचना मिलते ही दमोह पुलिस अधीक्षक (SP) आनंद कलादगी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।

क्रॉसिंग के दौरान आमने-सामने हुई जोरदार टक्कर प्रत्यक्षदर्शियों से मिली जानकारी के अनुसार, यात्री बस जबलपुर से दमोह की तरफ आ रही थी, वहीं कार कटनी से शाहगढ़ की ओर जा रही थी। जैसे ही दोनों वाहन जबेरा थाना क्षेत्र के अंतर्गत पुरेनहाउ गांव के पास पहुंचे, क्रॉसिंग के दौरान दोनों में आमने-सामने की सीधी और जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भयावह थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया और उसमें सवार लोग भीतर ही बुरी तरह फंस गए।

एक ही परिवार के तीन लोगों ने मौके पर तोड़ा दम मामले की जानकारी देते हुए जबेरा थाना प्रभारी विकास सिंह चौहान ने बताया कि इस दिल दहला देने वाले हादसे में कार सवार एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों की पहचान अखिलेश प्रजापति, मुकेश प्रजापति और माया प्रजापति के रूप में हुई है। वहीं कार चालक रशीद खान (निवासी शाहगढ़) और रीना प्रजापति इस घटना में गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।

दरवाजे तोड़कर शवों और घायलों को निकाला बाहर हादसे के बाद चीख-पुकार मचने पर स्थानीय ग्रामीण और वहां से गुजर रहे राहगीर तुरंत मदद के लिए दौड़े। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद कटर से कार के दरवाजे और हिस्से तोड़कर अंदर फंसे घायलों और शवों को बाहर निकाला।

जबेरा स्वास्थ्य केंद्र के सीबीएमओ (CBMO) डॉ. डी.के. राय ने बताया कि तीन लोगों की मौत अस्पताल पहुंचने से पहले ही हो चुकी थी। वहीं दोनों गंभीर घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जबेरा में प्राथमिक उपचार देने के बाद उनकी नाजुक हालत को देखते हुए तुरंत बेहतर इलाज के लिए जबलपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया है। पुलिस ने बस को कब्जे में लेकर मर्ग कायम किया है और मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी है।

Share:

Leave A Reviews

Related News