
मंडला| जिले के अंतर्गत आने वाले भरवेली गांव में सोमवार देर रात मानवता को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। यहाँ एक कच्चे मकान में पेट्रोल डालकर आग लगा दी गई, जिससे पूरी गृहस्थी जलकर राख हो गई। गनीमत यह रही कि घर में सो रहे परिवार के सदस्य समय रहते बाहर निकल आए, जिससे एक बड़ी जनहानि टल गई।
यह मकान कालका प्रसाद तिवारी का है, जहाँ उनका बेटा संजय तिवारी अपने परिवार के साथ रहता है। परिवार की सदस्य पूजा तिवारी ने आरोप लगाया है कि पुरानी रंजिश के चलते कुछ लोगों ने साजिश के तहत घर को आग के हवाले किया है। पूजा के अनुसार, आरोपियों ने पहले भी उनके साथ गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी दी थी, जिसकी शिकायत मंडला पुलिस से की गई थी, लेकिन तब कोई सख्त कार्रवाई नहीं हुई।
घटना की जानकारी मिलते ही टाटरी चौकी पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुँची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। टाटरी चौकी प्रभारी पुनीत बाजपेयी ने बताया कि संजय तिवारी की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है। फरियादी पक्ष ने एक ही परिवार के सदस्यों सहित करीब नौ लोगों पर आगजनी का संदेह जताया है। मंडला पुलिस फिलहाल मामले की बारीकी से जाँच कर रही है और आरोपियों की तलाश जारी है।
Leave A Reviews