
नई दिल्ली. मिडिल-ईस्ट में जारी युद्ध और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कच्चे तेल की कीमतों में आई अस्थिरता का असर अब भारतीय बाजार पर दिखने लगा है. सरकारी तेल कंपनियों ने नए वित्त वर्ष के पहले ही दिन 19 किलोग्राम वाले कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में 195.50 रुपये की भारी बढ़ोतरी कर दी है. बुधवार से लागू हुई इन नई कीमतों ने व्यापारियों, होटल और रेस्टोरेंट संचालकों के बजट को बिगाड़ दिया है.
लगातार दूसरी बार बढ़े दाम
यह लगातार दूसरा महीना है जब कमर्शियल गैस के दाम बढ़ाए गए हैं. इससे पहले 1 मार्च को भी कीमतों में 114.5 रुपये का इजाफा किया गया था. इस नई बढ़ोतरी के बाद देश की राजधानी दिल्ली में एक कमर्शियल सिलेंडर की कीमत अब 2,078.50 रुपये हो गई है.
घरेलू रसोई को राहत
आम आदमी के लिए राहत की बात यह है कि 14.2 किलोग्राम वाले घरेलू रसोई गैस सिलेंडर की कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया गया है. दिल्ली में घरेलू सिलेंडर अभी भी 913 रुपये पर स्थिर है. आखिरी बार इसकी कीमतों में 7 मार्च को 60 रुपये की बढ़ोतरी देखी गई थी.
व्यापारियों पर पड़ेगा असर
जानकारों का मानना है कि कमर्शियल गैस महंगी होने से बाहर खाना खाना महंगा हो सकता है. रेस्टोरेंट और ढाबा संचालक इस बोझ को ग्राहकों पर डाल सकते हैं, जिससे थाली की कीमतों में बढ़ोतरी की संभावना है.
Leave A Reviews