
दमोह। मध्यप्रदेश के दमोह जिले के चैनपुरा इलाके में तेज आवाज में गाने बजाने से रोकना एक बुजुर्ग को भारी पड़ गया। साउंड बंद कराने की बात पर चार युवकों ने उन्हें घेर लिया और बेल्ट से मारपीट की। बताया गया कि पिटाई करीब आधे घंटे तक चलती रही। घटना का वीडियो गुरुवार दोपहर सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद कोतवाली पुलिस ने चारों युवकों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।
घटना कोतवाली थाना क्षेत्र के बजरिया वार्ड-4 की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, चैनपुरा में कुछ लोग तेज आवाज में गाने बजा रहे थे। बुजुर्ग ने उनसे आवाज कम करने या साउंड बंद करने को कहा, लेकिन युवक नहीं माने। इसके बाद बुजुर्ग घर से सब्जी काटने वाला चाकू लेकर वहां पहुंचे।
चाकू देखकर साउंड बजा रहे युवकों ने उन्हें घेर लिया और बेल्ट से मारना शुरू कर दिया। मारपीट के दौरान बुजुर्ग के कपड़े भी फट गए। करीब आधे घंटे तक चली इस घटना को देखने के लिए मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। इसी दौरान किसी ने मारपीट का वीडियो बना लिया, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।
बताया गया कि मारपीट करने वाले युवक पहले बुजुर्ग के खिलाफ शिकायत दर्ज कराने कोतवाली थाने पहुंचे थे। इसी दौरान घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो में चार युवक बुजुर्ग के साथ मारपीट करते दिखाई दे रहे हैं। इसके बाद पुलिस ने युवकों के खिलाफ कार्रवाई की।
कोतवाली थाना प्रभारी मनीष कुमार ने बताया कि चार युवकों के खिलाफ मारपीट की धाराओं में केस दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है।
Leave A Reviews