
मंडला. जिले के मोतीनाला वन परिक्षेत्र अंतर्गत ग्राम बिलाईखार रविवार की रात हाथियों के उत्पात से दहशत में रहा। फेन अभ्यारण्य क्षेत्र से भटके हाथियों के झुंड ने गांव में घुसकर तीन घरों को नुकसान पहुंचाया और एक बैल को गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना के बाद ग्रामीणों में भारी दहशत फैल गई।
जानकारी के अनुसार, हाथी रविवार शाम फेन अभ्यारण्य से निकलकर मोतीनाला के घनी आबादी वाले इलाके की ओर आ गए थे। रातभर हाथियों ने गांव में तोड़फोड़ की और सोमवार सुबह करीब 5 बजे जंगल की ओर लौट गए। सूचना मिलने पर पुलिस और वन विभाग की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची और ग्रामीणों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया।
नुकसान का आकलन शुरू
हाथियों के हमले में माखन सिंह मरावी के मवेशी रखने का सार टूट गया, जिससे एक बैल गंभीर रूप से घायल हो गया। दल सिंह मरावी का एक कमरा पूरी तरह टूट गया, जबकि बबलू भरेवा के घर को भी भारी नुकसान हुआ। फिलहाल वन विभाग की टीम नुकसान का सर्वे कर रही है।
डीएफओ ने बताई वजह
डीएफओ प्रीता एस. एम. ने बताया कि हाथी घरों में रखे महुए की गंध से आकर्षित होकर गांव में पहुंचे। उन्होंने कहा कि भविष्य में ऐसी घटनाओं की रोकथाम के लिए ग्रामीणों को जागरूक किया जाएगा और आवश्यक सतर्कता उपाय अपनाए जाएंगे।
विधायक बोले, हर साल दोहराई जाती है समस्या
घटना के बाद बिछिया विधायक नारायण सिंह पट्टा ने प्रशासन से ठोस कदम उठाने की मांग की है। उन्होंने कहा कि हर साल इस मौसम में हाथियों का आतंक ग्रामीणों की जिंदगी को खतरे में डाल देता है। विधायक ने प्रभावित परिवारों को तात्कालिक राहत राशि और मकान निर्माण में सहायता देने की मांग की।
फिलहाल फॉरेस्ट टीम गांव में तैनात है और हाथियों की दिशा की निगरानी की जा रही है ताकि वे दोबारा आबादी की ओर न लौटें। ग्रामीणों से कहा गया है कि वे रात में सतर्क रहें और समूह में ही बाहर निकलें।
Leave A Reviews