
मंडला. जिले में आवारा कुत्तों की नसबंदी के नाम पर बड़े घोटाले की आशंका सामने आई है। बिंझिया की शारदा कॉलोनी में एक किराए के मकान से भारी मात्रा में कुत्तों के अंग मिलने से हड़कंप मच गया है। इस पूरे मामले की जानकारी 10 अप्रैल को प्रशासन को दी गई, जिसके बाद जांच तेज कर दी गई है।
जानकारी के अनुसार, पशु प्रेमी निशा ठाकुर की शिकायत पर पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची, जहां टीम को करीब 500 नर और 200 मादा कुत्तों के अंग मिले। इन अंगों को फॉर्मलीन नामक केमिकल में रखकर डिब्बों में सुरक्षित किया गया था।
बताया जा रहा है कि यह मकान जबलपुर की ‘मां नर्मदा इंटरप्राइजेज’ नाम की संस्था ने किराए पर लिया था, जिसे नगर पालिका ने कुत्तों की नसबंदी का ठेका दिया था।
शिकायतकर्ता का आरोप है कि संस्था ने वास्तविक नसबंदी कार्य नहीं किया और संभवतः कहीं और से लाए गए अंगों को यहां जमा कर सरकारी रिकॉर्ड में फर्जी काम दिखाकर भुगतान लेने की तैयारी थी।
नगर पालिका अधिकारियों के अनुसार, संस्था को पिछले वर्ष दिसंबर में ठेका दिया गया था, लेकिन कई बार निर्देश देने के बावजूद काम शुरू नहीं किया गया। इसी लापरवाही के चलते 2 अप्रैल को उनका ठेका पहले ही रद्द कर दिया गया था और EMD राशि जब्त की जा रही है।
पशुपालन विभाग का कहना है कि नसबंदी के बाद अंगों के निपटान की प्रक्रिया तय होती है, लेकिन इस तरह उन्हें संदिग्ध तरीके से संग्रहित करना गंभीर मामला है।
फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और यह पता लगाया जा रहा है कि ये अंग कहां से लाए गए और इस कथित घोटाले में कौन-कौन शामिल है।
Leave A Reviews