Office Address

Address Display Here

Phone Number

+91-9876543210

Email Address

info@deshbandhu.co.in

दमोह में भाजपा समर्थित जनपद सदस्य कूदन आदिवासी का शव रेलवे ट्रैक पर मिला, तीन टुकड़ों में बंटा, रेप केस के बाद चल रही थी पुलिस तलाश

दमोह. जिले के देहात थाना क्षेत्र के समन्ना रेलवे ट्रैक पर शुक्रवार सुबह भाजपा समर्थित जनपद सदस्य कूदन आदिवासी का शव बरामद होने से सनसनी फैल गई। पुलिस के अनुसार शव तीन हिस्सों में बंटा हुआ था। घटना की जानकारी करीब साढ़े 9 बजे मिली, जिसके बाद जबलपुर नाका चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा कर शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।

पुलिस ने बताया कि मृतक कूदन आदिवासी पर 14 वर्षीय नाबालिग से दुष्कर्म का आरोप था, जिसके बाद उनके खिलाफ मामला दर्ज कर पुलिस उनकी तलाश कर रही थी। मामले में आगे डीएनए जांच भी कराई जाएगी।

उधर, मृतक के परिजनों ने आरोप लगाया है कि कूदन आदिवासी को राजनीतिक रंजिश के चलते झूठे मामले में फंसाया गया था। परिजनों का कहना है कि आरोपों के बाद वह मानसिक तनाव में थे और उन्होंने आत्महत्या की है।

परिवार का यह भी दावा है कि कूदन आदिवासी ने मौत से पहले एक वीडियो रिकॉर्ड किया था, जिसमें कुछ लोगों के नाम लिए गए हैं। पुलिस ने उनका मोबाइल जब्त कर जांच के लिए भेज दिया है।

मामले में पीड़िता के परिजनों ने बताया कि नाबालिग पांच महीने की गर्भवती है और मेडिकल जांच में दुष्कर्म की पुष्टि के बाद मामला दर्ज कराया गया था। इसके बाद पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू की थी।

स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने भी आरोपों को राजनीतिक साजिश बताया है, जबकि पुलिस का कहना है कि पोस्टमॉर्टम और डीएनए रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है और मामले को गंभीरता से लिया जा रहा है।

Share:

Leave A Reviews

Related News