
सतना जिला अस्पताल से एक शर्मनाक और हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। अस्पताल के वार्ड नंबर-2 में गुरुवार को स्ट्रेचर को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद देखते ही देखते खूनी संघर्ष में बदल गया। यहां तीन अज्ञात युवकों ने वार्ड में भर्ती एक मरीज के परिजनों के साथ कथित तौर पर बेरहमी से मारपीट की। इस पूरी घटना का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसने अस्पताल परिसर की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सतना जिला अस्पताल के सर्जिकल वार्ड (वार्ड नंबर-2) में पैर फ्रैक्चर होने के कारण संस्कार दहिया नामक एक मरीज पिछले कुछ दिनों से भर्ती है। गुरुवार को मरीज के चाचा सोनू दहिया उसे बाथरूम ले जाने के लिए वार्ड में रखे एक स्ट्रेचर को बेड के पास लेकर आए थे। इसी दौरान वहां अचानक तीन बाहरी युवक पहुंचे और जबरन उस स्ट्रेचर को अपने साथ ले जाने लगे।
सोनू दहिया ने अपने मरीज की गंभीर हालत का हवाला देते हुए उनसे स्ट्रेचर न ले जाने का अनुरोध किया। लेकिन यह बात उन युवकों को इतनी नागवार गुजरी कि वे गाली-गलौज पर उतर आए।
विवाद इतना बढ़ गया कि तीनों युवकों ने आपा खो दिया और सोनू दहिया पर लात-घूंसों की बरसात कर दी। जब सोनू को बचाने के लिए उनकी पत्नी रचना दहिया बीच में आईं, तो दबंग युवकों ने उनके साथ भी हाथापाई और अभद्रता की। सतना जिला अस्पताल के भीतर दिनदहाड़े हुई इस मारपीट से पूरे वार्ड में चीख-पुकार मच गई और अन्य मरीजों व उनके तीमारदारों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
बाद में वार्ड में मौजूद अन्य मरीजों के परिजनों ने हिम्मत दिखाकर बीच-बचाव किया, तब कहीं जाकर हमलावर युवक वहां से धमकी देते हुए फरार हो सके।
पीड़ित परिवार का आरोप है कि जब यह पूरी वारदात सतना जिला अस्पताल के भीतर घटित हो रही थी, तब मौके पर न तो कोई सुरक्षा गार्ड मौजूद था और न ही अस्पताल का कोई जिम्मेदार स्टाफ वहां नजर आया। घटना के बाद पीड़ित सोनू दहिया ने सीधे अस्पताल परिसर में स्थित पुलिस चौकी पहुंचकर आरोपियों के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई है और अपनी सुरक्षा की गुहार लगाई है। पुलिस ने वायरल वीडियो और शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की तलाश की जा रही है।
Leave A Reviews