Office Address

Address Display Here

Phone Number

+91-9876543210

Email Address

info@deshbandhu.co.in

भिंड में अचानक धंसा कमरे का फर्श, पलंग सहित 16 फीट गहरे गड्ढे में समाई महिला


भिंड शहर के गर्ल्स स्कूल वाली गली में बुधवार रात एक अजीबोगरीब और रोंगटे खड़े कर देने वाला हादसा हुआ। कमरे में काम कर रही 45 वर्षीय महिला निशि मिश्रा अचानक फर्श धंसने से पलंग सहित करीब 15 से 16 फीट गहरे गड्ढे में नीचे जा गिरीं। गनीमत रही कि परिजनों और स्थानीय पड़ोसियों ने समय रहते सीढ़ी की मदद से महिला को बाहर निकाल लिया। हादसे में उनके शरीर पर गंभीर चोटें आई हैं, जिसके बाद उन्हें इलाज के लिए तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया।

मकान मालिक अनुराग मिश्रा के अनुसार, बुधवार रात लगभग 9:15 बजे उनके चचेरे भाई आदित्य मिश्रा की पत्नी निशि कमरे में पलंग की चादर बदल रही थीं। उसी दौरान अचानक भरभराकर पूरा फर्श नीचे बैठ गया और एक विशाल गड्ढा बन गया। हादसे के वक्त परिवार के ज्यादातर सदस्य एक निमंत्रण कार्यक्रम में शामिल होने बाहर गए हुए थे। घर लौटने पर जब घटना की जानकारी मिली, तो छोटे भाई अनूप मिश्रा और पड़ोसियों ने तुरंत सीढ़ी उतारकर राहत कार्य शुरू किया और घायल महिला को सुरक्षित बाहर निकाला।

सिंधिया रियासत काल की अनाज खंती पर बना था मकान

इस घटना के पीछे एक ऐतिहासिक और चौंकाने वाला कारण सामने आया है। अनुराग मिश्रा ने बताया कि उनके परदादा मदन मोहन मिश्रा सिंधिया स्टेट के समय ऑनरेरी मजिस्ट्रेट और वनखंडेश्वर महादेव मंदिर के माफीदार पुजारी थे। उस दौर में इसी मकान में कचहरी लगती थी और आसपास के क्षेत्रों से कर (टैक्स) के रूप में वसूले गए अनाज को सुरक्षित रखने के लिए जमीन के अंदर गल्ले की गहरी खंती बनाई गई थी। आजादी के बाद उसी पुरानी संरचना के ऊपर पक्का मकान बना दिया गया।

वर्ष 1980 में जब मकान का पुनर्निर्माण कराया गया, तब इस खंती को मिट्टी भरकर बंद कर दिया गया था। प्रारंभिक तौर पर आशंका जताई जा रही है कि पुराने निर्माण के कारण जमीन के अंदर कहीं से लगातार पानी का रिसाव होता रहा। इस लीकेज से खंती के भीतर की मिट्टी धीरे-धीरे बहकर खोखली हो गई और नीचे बड़ा खाली स्थान बन गया। बुधवार रात ऊपरी दबाव झेल न पाने के कारण फर्श धंस गया। गड्ढे के निचले हिस्से में पानी भरा हुआ पाया गया है।

Date & Time : 2026-11-05 11:05:47

Share:

Leave A Reviews

Related News