Office Address

Address Display Here

Phone Number

+91-9876543210

Email Address

info@deshbandhu.co.in

सागर में शादी के नाम पर धोखाधड़ी, 50,000 लेकर रास्ते से ही दूल्हे को चकमा देकर भागी दुल्हन


सागर जिले के मोतीनगर थाना क्षेत्र से शादी के नाम पर धोखाधड़ी का एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहाँ बिचपुरी गांव के रहने वाले एक युवक विनोद साहू को लुटेरी दुल्हन और उसके गिरोह ने अपना शिकार बनाया। शादी कराने के एवज में युवक से मोटी रकम ऐंठ ली गई और फिर रास्ते में ही युवती दूल्हे को चकमा देकर अपने एक साथी के साथ बाइक पर बैठकर फरार हो गई। इस जालसाजी का शिकार होने के बाद पीड़ित विनोद ने बुधवार को मोतीनगर थाने पहुंचकर न्याय की गुहार लगाई है और लिखित शिकायत दर्ज कराई है।

पीड़ित विनोद साहू के मुताबिक, इस पूरी साजिश की शुरुआत उसके एक रिश्तेदार के जरिए हुई जो खजुरिया में रहते हैं। रिश्तेदार ने विनोद को बताया था कि सिंगरौली में एक लड़की है जिससे उसकी शादी हो सकती है, हालांकि इसके लिए कुछ पैसे खर्च करने होंगे। विनोद उनकी बातों में आ गया और शादी के लिए हामी भर दी। इसके बाद वह अपने रिश्तेदार के साथ सिंगरौली पहुंचा, जहाँ बिहारपुरा गांव के पास एक दलाल ने सड़क पर ही उसकी मुलाकात युवती से करवाई। मुलाकात के बाद जब विनोद शादी के लिए पूरी तरह तैयार हो गया, तब दलाल और युवती के परिजनों ने कहा कि उनके यहाँ ऐसा ही रिवाज चलता है, इसलिए पैसे दो और लड़की को अपने साथ ले जाओ।

विनोद ने उनकी बात मानकर युवती के परिजनों को ₹35 हजार और दलाल को ₹10 हजार नकद दिए। इसके अलावा करीब ₹5 हजार अन्य खर्चों में लग गए। इस तरह कुल ₹50 हजार का भुगतान करने के बाद विनोद उस युवती को अपनी बाइक पर बैठाकर वापस सागर लौट रहा था। लेकिन रास्ते में ही लुटेरी दुल्हन ने अपना रंग दिखा दिया। जब दोनों रास्ते में नाश्ता करने के लिए एक जगह रुके, तभी योजना के मुताबिक वहाँ एक दूसरा युवक बाइक लेकर पहुंचा। विनोद अभी नाश्ता कर ही रहा था कि युवती पलक झपकते ही उस अज्ञात युवक की बाइक पर पीछे बैठी और रफूचक्कर हो गई।

धोखाधड़ी का अहसास होने के बाद पीड़ित ने मोतीनगर थाने में शिकायती आवेदन दिया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। मोतीनगर थाना प्रभारी जशवंत सिंह ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि युवक की शिकायत ले ली गई है। चूंकि यह पूरी वारदात सिंगरौली जिला क्षेत्र में घटित हुई है, इसलिए सागर पुलिस द्वारा सिंगरौली पुलिस को मामले की आधिकारिक सूचना दे दी गई है ताकि आरोपियों के खिलाफ त्वरित कानूनी कार्रवाई की जा सके।

Share:

Leave A Reviews

Related News