Office Address

Address Display Here

Phone Number

+91-9876543210

Email Address

info@deshbandhu.co.in

रामनगर में गैस संकट गहराया: बुकिंग नंबर बंद, होम डिलीवरी ठप, धूप में कतार लगाने को मजबूर लोग

रामनगर क्षेत्र में पिछले एक सप्ताह से रसोई गैस की गंभीर किल्लत देखी जा रही है। गैस एजेंसी की टेक होम सर्विस बंद होने और बुकिंग नंबर लगातार एंगेज रहने से उपभोक्ताओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। धूप और गर्मी के बीच गैस सिलेंडर के लिए लोगों को लंबी कतारों में खड़ा होना पड़ रहा है।

बताया जा रहा है कि ऑनलाइन बुकिंग, मैसेजिंग और कॉलिंग जैसी सुविधाएं भी पिछले कई दिनों से ठप हैं। उपभोक्ता जब बुकिंग के लिए कॉल करते हैं तो नंबर या तो एंगेज आता है, “डज नॉट एग्जिस्ट” बताता है या कॉल अपने आप कट जाती है। इसके कारण कई उपभोक्ता गैस बुक नहीं कर पा रहे हैं और उनके मोबाइल पर मैसेज भी नहीं आ रहा।

एजेंसी द्वारा फिलहाल उन्हीं उपभोक्ताओं को गैस सिलेंडर दिया जा रहा है जिनकी ऑनलाइन बुकिंग दर्ज है या जिनके मोबाइल पर मैसेज आया है। जिन उपभोक्ताओं के पास मोबाइल सुविधा नहीं है या जिनके नंबर से बुकिंग नहीं हो पा रही है, उन्हें एजेंसी और गोदाम के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं।

ग्रामीणों की बढ़ी परेशानी
ग्राम देवरी कलां निवासी सत्यम ने बताया कि वे पिछले चार-पांच दिनों से गैस बुक करने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन बुकिंग नहीं हो रही है और घर में एक सप्ताह से गैस खत्म है। वहीं गैस उपभोक्ता राममनोहर ने बताया कि उनका मोबाइल खो गया था और उन्होंने नई सिम निकलवाई है, लेकिन अब गैस बुकिंग नहीं हो पा रही।

व्यापार पर भी असर
कमर्शियल सिलेंडर की कमी के कारण नगर के कई रेस्टोरेंट, चाय-पानी की गुमटियां भी बंद होने लगी हैं। इससे छोटे व्यापारियों की आजीविका पर भी असर पड़ रहा है।

लोग विकल्पों की ओर लौटे
गैस की कमी के कारण ग्रामीण क्षेत्रों में लोग फिर से लकड़ी, उपले, कोयला और बुरादे की सिगड़ी जैसे पारंपरिक ईंधनों की ओर लौटने लगे हैं। वहीं कुछ लोग हीटर और इंडक्शन जैसे विकल्पों का सहारा ले रहे हैं।

कुल मिलाकर, रसोई गैस की आपूर्ति और बुकिंग व्यवस्था में आई गड़बड़ी ने उपभोक्ताओं के लिए परेशानी बढ़ा दी है। लोग प्रशासन और गैस एजेंसी से जल्द व्यवस्था सुधारने की मांग कर रहे हैं।

Share:

Leave A Reviews

Related News