
जबलपुर. मध्य प्रदेश की संस्कारधानी जबलपुर में पुलिस ने अवैध हथियारों के सौदागरों के खिलाफ एक बड़ी सफलता हासिल की है। क्राइम ब्रांच और माढ़ोताल पुलिस की संयुक्त टीम ने देर रात छापेमारी कर प्रतिबंधित हथियारों के एक बड़े जखीरे को शहर में खपाने की साजिश को नाकाम कर दिया है।
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि मदर टेरेसा नगर क्षेत्र में हथियारों की एक बड़ी खेप पहुंचने वाली है। इस सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने इलाके की घेराबंदी की और पारस जैन नामक युवक को संदिग्ध अवस्था में दबोच लिया। तलाशी लेने पर आरोपी के पास से 50 बेहद धारदार चाइनीज चाकू बरामद हुए।
शुरुआती जांच में यह सामने आया है कि आरोपी इन प्रतिबंधित चाकुओं को शहर के अपराधियों और असामाजिक तत्वों को सप्लाई करने वाला था। पुलिस अब इस बात की तफ्तीश कर रही है कि ये घातक हथियार किसी ई-कॉमर्स साइट के जरिए मंगाए गए थे या किसी अन्य राज्य से तस्करी कर लाए गए थे।
वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के अनुसार, इन चाकुओं की बनावट इतनी घातक है कि इन्हें सुरक्षा कारणों से पूरी तरह प्रतिबंधित किया गया है। पकड़े गए आरोपी से उन लोगों के नाम उगलवाने की कोशिश की जा रही है, जिन्होंने इन हथियारों का ऑर्डर दिया था। आने वाले दिनों में पुलिस कुछ और गिरफ्तारियां कर सकती है।
Leave A Reviews