
सिवनी जिले के बंडोल थाना क्षेत्र अंतर्गत पोड़ी गांव में बुधवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे बिजली के पोल से टकरा गई, जिससे बाइक सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई।
मृतकों की पहचान 20 वर्षीय डिलेंद्र यादव और 21 वर्षीय शिवांक मर्सकोले के रूप में हुई है। दोनों युवक किसी काम से सुबह मोटरसाइकिल से बंडोल की ओर जा रहे थे, तभी यह हादसा हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बाइक की रफ्तार काफी तेज थी, जिसके कारण चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और बाइक सीधे विद्युत पोल से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और दोनों युवकों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
घटना की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक दोनों की मौत हो चुकी थी। सूचना मिलने पर बंडोल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया।
पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई शुरू कर दी है और पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। थाना प्रभारी मनोज जंघेला के अनुसार, मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी गई है।
प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और वाहन पर नियंत्रण खोना हादसे का मुख्य कारण माना जा रहा है। पुलिस ने वाहन चालकों से सावधानी बरतने और निर्धारित गति सीमा का पालन करने की अपील की है।
Leave A Reviews