
जबलपुर के विजय नगर क्षेत्र में एक युवक की अज्ञात बदमाशों द्वारा मारपीट कर हत्या कर दी गई। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है।
पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान लटोरी उर्फ जगदीश गोंड, निवासी गोसलपुर के रूप में हुई है। वह शहर में मजदूरी करता था और अक्सर जिस क्षेत्र में काम करता, वहीं रुक जाता था।
बताया जा रहा है कि देर रात काम से फुर्सत होने के बाद वह विजय नगर इलाके में ही रुक गया था। इसी दौरान अज्ञात हमलावरों ने उसके साथ बेरहमी से मारपीट की, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क किनारे पड़ा रहा।
स्थानीय लोगों ने जब उसे घायल अवस्था में देखा तो पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने उसे तत्काल मेडिकल अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।
मध्य प्रदेश पुलिस ने इस मामले में हत्या का प्रकरण दर्ज कर लिया है और आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं, ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके।
पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
Leave A Reviews