Office Address

Address Display Here

Phone Number

+91-9876543210

Email Address

info@deshbandhu.co.in

कटनी में 'हिट एंड रन': अज्ञात वाहन की टक्कर से तेंदुआ गंभीर रूप से घायल

कटनी: मध्य प्रदेश के कटनी जिले में मंगलवार की रात एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने वन्यजीव सुरक्षा और यातायात नियमों को ताक पर रखकर एक तेंदुए को अपनी चपेट में ले लिया। यह हादसा बड़वारा कुंडम परियोजना परिक्षेत्र के अंतर्गत मझगवां और पठरा गांव के बीच हुआ। टक्कर इतनी भीषण थी कि तेंदुआ सड़क किनारे ही अचेत होकर गिर पड़ा। वन विभाग ने तत्परता दिखाते हुए रेस्क्यू अभियान शुरू कर दिया है और अज्ञात वाहन चालक के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की तैयारी कर ली है।

राहगीरों की सूचना पर पहुंचा वन अमला

घटना मंगलवार रात लगभग 10 बजे की है, जब सड़क से गुजर रहे राहगीरों की नजर लहूलुहान हालत में सड़क किनारे पड़े तेंदुए पर पड़ी। ग्रामीणों ने तुरंत इसकी सूचना वन विभाग के अधिकारियों को दी। सूचना मिलते ही बड़वारा रेंजर सैयद जुनैद अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए रेंजर ने तत्काल पूरे क्षेत्र की घेराबंदी करवा दी, ताकि घायल और डरा हुआ तेंदुआ पास की मानव बस्ती में न घुस जाए और राहगीरों पर हमला न कर दे।

रेस्क्यू के लिए बांधवगढ़ से बुलाई गई डॉक्टरों की टीम

रेंजर सैयद जुनैद के अनुसार, तेंदुए के पिछले हिस्से में गंभीर चोटें आई हैं, जिससे उसके हिलने-डुलने की क्षमता प्रभावित हुई है। तेंदुए को सुरक्षित निकालने के लिए कटनी जिला मुख्यालय से विशेष पिंजरा मंगवाया गया है। तेंदुए की गंभीर स्थिति को देखते हुए बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व की विशेषज्ञ पशु चिकित्सक टीम को भी बुलाया गया है। विशेषज्ञों की देखरेख में तेंदुए को ट्रेंकुलाइज (बेहोश) कर सुरक्षित स्थान पर ले जाया जाएगा, जहाँ उसका उपचार किया जा सके।

वन विभाग ने दर्ज किया मामला

प्रथम दृष्टया यह मामला तेज रफ्तार वाहन द्वारा लापरवाही से टक्कर मारने का प्रतीत हो रहा है। वन विभाग के अधिकारियों का मानना है कि जंगल से सड़क पार करते समय तेंदुआ 'हिट एंड रन' का शिकार हुआ है। विभाग ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी फुटेज और चश्मदीदों के आधार पर वाहन की तलाश की जा रही है।

Share:

Leave A Reviews

Related News