
मैहर। छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले के पामगढ़ थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां 'चमत्कारी' इलाज का झांसा देकर एक 60 वर्षीय ढोंगी बाबा ने महिला के साथ दुष्कर्म किया। आरोपी ने न केवल पीड़िता का यौन शोषण किया, बल्कि उसकी अश्लील तस्वीरें खींचकर उन्हें इंस्टाग्राम पर वायरल भी कर दिया। पामगढ़ पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को हिमाचल प्रदेश के धर्मशाला से गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, आरोपी की पहचान निर्मल बाबा (60 वर्ष) के रूप में हुई है, जो मूल रूप से महाराष्ट्र के नासिक का रहने वाला है। घटना की शुरुआत चैत्र नवरात्रि के दौरान हुई जब आरोपी पदयात्रा करते हुए पामगढ़ पहुंचा था। पीड़िता, जो लंबे समय से शरीर के दर्द से परेशान थी, अपनी सहेली के साथ बाबा के पास पहुंची। आरोपी ने उसका हाथ देखकर 'चमत्कार' से बीमारी ठीक करने का दावा किया और उसका मोबाइल नंबर ले लिया।
26 मार्च को आरोपी ने पीड़िता को प्रसाद देने के बहाने बुलाया और उसे अपने विश्वास में ले लिया। इसके बाद वह उसे बिलासपुर और फिर मध्य प्रदेश के मैहर ले गया। वहां एक होटल में ठहराकर आरोपी ने पीड़िता के साथ बार-बार दुष्कर्म किया और चोरी-छिपे उसकी अश्लील तस्वीरें खींच लीं। 1 अप्रैल को आरोपी उसे बिलासपुर छोड़कर फरार हो गया। जब पीड़िता ने विरोध किया और आरोपी का नंबर ब्लॉक कर दिया, तो आरोपी ने पीड़िता के नाम से फर्जी इंस्टाग्राम आईडी बनाई और अश्लील फोटो पोस्ट कर उसे ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया।
पीड़िता की 11 अप्रैल को दर्ज शिकायत के बाद प्रभारी पुलिस अधीक्षक निवेदिता पाल ने मामले की गंभीरता को देखते हुए विशेष टीम गठित की। एएसपी उमेश कुमार कश्यप और एसडीओपी अकलतरा प्रदीप कुमार सोरी के नेतृत्व में तकनीकी जांच की गई। पुलिस ने मोबाइल लोकेशन के आधार पर आरोपी को हिमाचल प्रदेश के धर्मशाला में ट्रेस किया और वहां घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ के दौरान आरोपी निर्मल बाबा ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया है। पुलिस ने उसके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 64(2)(M) और आईटी एक्ट की धारा 67 के तहत मामला दर्ज किया है। आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि क्या आरोपी ने इसी तरह अन्य महिलाओं को भी अपना शिकार बनाया है।
Leave A Reviews