
सिवनी जिला में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में 64 वर्षीय बुजुर्ग की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
यह हादसा घंसौर थाना क्षेत्र के बरोदा पटरी गांव के पास हुआ। जानकारी के अनुसार, ग्राम बरोदा माल निवासी अक्तू लाल कन्हेरिया (64) और रविंद्र कुलस्ते साइकिल से घर लौट रहे थे। इसी दौरान एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों साइकिल सवार सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीण और परिजन मौके पर पहुंचे और तत्काल 108 एम्बुलेंस की मदद से दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र घंसौर पहुंचाया गया।
डॉक्टरों ने जांच के बाद अक्तू लाल कन्हेरिया को मृत घोषित कर दिया, जबकि गंभीर रूप से घायल रविंद्र कुलस्ते को बेहतर इलाज के लिए जबलपुर रेफर किया गया है।
घटना के बाद आरोपी वाहन चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और फरार चालक की तलाश जारी है।
स्थानीय ग्रामीणों ने इस हादसे के बाद सड़क पर तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण और सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाने की मांग की है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मामले में मर्ग कायम कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
Leave A Reviews