
इंदौर. राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) की दूसरी सबसे बड़ी और महत्वपूर्ण बैठक 'अखिल भारतीय कार्यकारी मंडल' का आयोजन 30 अक्टूबर से 4 नवंबर तक इंदौर में किया जाएगा. इस छह दिवसीय बैठक का संभावित स्थान डेली कॉलेज तय किया गया है. बैठक में संघ प्रमुख डॉ. मोहन भागवत, सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबाले, भैयाजी जोशी, सुरेश सोनी समेत केंद्रीय कार्यकारिणी, क्षेत्र और देश के सभी 46 प्रांतों के लगभग 450 प्रमुख कार्यकर्ता और प्रचारक हिस्सा लेंगे.
इस बैठक का मुख्य एजेंडा संघ के शताब्दी वर्ष के दौरान हुए कार्यों की समीक्षा करना और वर्ष 2027 से प्रांत संरचना को समाप्त कर संभाग संरचना लागू करने के प्रस्ताव पर अंतिम निर्णय लेना है. इस नई व्यवस्था के लागू होने के बाद वर्तमान मालवा प्रांत को इंदौर और उज्जैन संभाग में विभाजित कर दिया जाएगा. इसके साथ ही हर संभाग की कमान अलग प्रचारक को सौंपी जाएगी. बैठक से पहले शहर में संघ का पथ संचलन भी निकाला जाएगा.
गौरतलब है कि संघ द्वारा वर्ष में दो प्रमुख बैठकें आयोजित की जाती हैं, जिनमें मार्च में अखिल भारतीय प्रतिनिधि सभा और अक्टूबर-नवंबर में अखिल भारतीय कार्यकारी मंडल की बैठक शामिल है. वर्तमान में मालवा प्रांत के अंतर्गत 3,292 स्थानों पर 5,029 शाखाएं और 527 विद्यार्थी-महाविद्यालयीन शाखाएं संचालित हो रही हैं. इंदौर में आयोजित होने जा रही इस बैठक में राष्ट्रीय स्तर के सभी शीर्ष पदाधिकारी तीन दिनों तक मौजूद रहकर आगामी संगठनात्मक बदलावों को अंतिम रूप देंगे.
Leave A Reviews