
गुवाहाटी. बरसापारा स्टेडियम में सोमवार को आईपीएल का एक नया इतिहास लिखा गया, जहां 15 वर्षीय युवा सनसनी वैभव सूर्यवंशी ने अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी से चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के गेंदबाजों के परखच्चे उड़ा दिए. वैभव की तूफानी फिफ्टी की बदौलत राजस्थान रॉयल्स (RR) ने चेन्नई को 8 विकेट से करारी शिकस्त दी.
मैच का लेखा-जोखा: चेन्नई पस्त, राजस्थान मस्त
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी चेन्नई सुपर किंग्स की टीम राजस्थान की सधी हुई गेंदबाजी के सामने टिक नहीं सकी और 19.4 ओवर में मात्र 127 रनों पर सिमट गई.
जवाब में राजस्थान रॉयल्स ने किसी भी तरह का दबाव नहीं आने दिया. टीम ने महज 12.1 ओवर में 2 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया. वैभव सूर्यवंशी ने राजस्थान के लिए दूसरी सबसे तेज फिफ्टी जड़कर जीत की राह आसान कर दी.
राजस्थान के नाम दर्ज हुए ये बड़े रिकॉर्ड्स
इस जीत के साथ राजस्थान रॉयल्स ने अपने रिकॉर्ड बुक में कई नए पन्ने जोड़ दिए हैं:
सबसे बड़ा रनचेज: राजस्थान ने 47 गेंद शेष रहते मैच जीत लिया. यह उनके आईपीएल इतिहास की सबसे बड़ी जीत है (गेंदों के लिहाज से). इससे पहले 2014 में उन्होंने आरसीबी के खिलाफ 42 गेंद रहते जीत दर्ज की थी.
CSK पर दबदबा: साल 2020 के बाद से राजस्थान का चेन्नई पर एकतरफा राज रहा है. पिछले 11 मुकाबलों में से राजस्थान ने 9 में जीत हासिल की है.
जीत का आंकड़ा: चेन्नई के खिलाफ सबसे ज्यादा मैच जीतने के मामले में अब राजस्थान और पंजाब किंग्स (16-16 जीत) संयुक्त रूप से दूसरे स्थान पर आ गए हैं. इस लिस्ट में मुंबई इंडियंस (21 जीत) अभी भी टॉप पर है.
Leave A Reviews