
जबलपुर/भेड़ाघाट. मध्य प्रदेश के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल भेड़ाघाट में एक धार्मिक आयोजन के दौरान बड़ा हादसा हो गया. 'सुहागलों' के कार्यक्रम में प्रसाद ग्रहण करने के बाद एक ही परिवार के 17 सदस्यों की तबीयत बिगड़ गई. मामला फूड पॉइजनिंग का बताया जा रहा है. स्थिति इतनी गंभीर है कि 4 मरीजों को प्राथमिक उपचार के बाद नागपुर रेफर किया गया है, जबकि अन्य का इलाज विक्टोरिया अस्पताल में जारी है.
मिठाई बनी जहर: मंदिर में चढ़ाया था प्रसाद
घटनाक्रम के अनुसार, परिवार ने भेड़ाघाट चौक स्थित राजा बाबू स्वीट्स से 4 किलो मिठाई खरीदी थी.
मंदिर में पूजा: परिवार ने पहले त्रिपुरी सुंदरी मंदिर में माता को यह प्रसाद चढ़ाया.
अचानक बिगड़ी तबीयत: पूजा के बाद जैसे ही परिजनों ने मिठाई और भोजन ग्रहण किया, कुछ ही देर में उन्हें तेज पेट दर्द, उल्टी और दस्त की शिकायत होने लगी.
घायलों में बुजुर्ग और बच्चे शामिल: बीमार होने वालों में 5 साल के मासूम से लेकर 77 साल के बुजुर्ग रामरतन पटेल तक शामिल हैं.
प्रशासन सख्त: मिठाई के नमूने लिए जाएंगे
हादसे के बाद स्वास्थ्य विभाग और पुलिस प्रशासन सक्रिय हो गया है. विक्टोरिया अस्पताल में डॉक्टरों की विशेष टीम मरीजों की निगरानी कर रही है. पुलिस द्वारा संबंधित स्वीट शॉप की जांच की जा रही है और खाद्य सुरक्षा विभाग मिठाई के नमूने (Samples) लेकर लैब भेजने की तैयारी में है.
Leave A Reviews