
जबलपुर। भेड़ाघाट चौराहे पर बुधवार सुबह एक तेज रफ्तार हाईवा की टक्कर से बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। बताया जा रहा है कि जिस हाईवा से हादसा हुआ, वह सरस्वती घाट क्षेत्र से रेत और पीली मिट्टी के कथित अवैध उत्खनन एवं परिवहन में लगा था। हादसे में युवक के हाथ-पैर में गंभीर चोटें आई हैं। उसे 108 एंबुलेंस की मदद से मेडिकल अस्पताल पहुंचाया गया।
जानकारी के अनुसार, घटना बुधवार सुबह करीब 7:30 बजे की है। बाइक सवार युवक कॉलेज में परीक्षा देने जा रहा था। इसी दौरान भेड़ाघाट चौराहे पर तेज रफ्तार से आ रहे हाईवा ने उसकी मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। बताया गया है कि उसके हाथ और पैर में फ्रैक्चर हुआ है।
घटना की सूचना मिलते ही 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंची और घायल को तत्काल मेडिकल अस्पताल के लिए रवाना किया गया। भेड़ाघाट थाना पुलिस भी सूचना मिलने पर घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जानकारी जुटाई।
प्रत्यक्षदर्शियों और स्थानीय लोगों का आरोप है कि सरस्वती घाट क्षेत्र में रातभर बिना नंबर प्लेट वाले हाईवा के जरिए रेत और पीली मिट्टी का अवैध उत्खनन और परिवहन किया जा रहा है। लोगों के मुताबिक, जिस हाईवा से बाइक सवार का एक्सीडेंट हुआ, उस पर भी नंबर प्लेट नहीं लगी थी।
स्थानीय लोगों ने यह भी दावा किया कि हाईवा के डाले पर लिखा वाहन नंबर मिटाने की कोशिश की गई है। इससे वाहन की पहचान को लेकर सवाल उठ रहे हैं। हालांकि, हाईवा के अवैध उत्खनन में शामिल होने और नंबर मिटाए जाने संबंधी आरोपों की आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
हादसे के बाद क्षेत्र में अवैध उत्खनन और बिना नंबर प्लेट वाहनों के संचालन को लेकर सवाल उठ रहे हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है। दुर्घटना के लिए जिम्मेदार परिस्थितियों, हाईवा की पहचान और उसके दस्तावेजों की स्थिति की पुष्टि जांच के बाद ही स्पष्ट होगी।
Leave A Reviews