Office Address

Address Display Here

Phone Number

+91-9876543210

Email Address

info@deshbandhu.co.in

जबलपुर: सराफा कारोबारियों से 6 किलो चांदी, 300 ग्राम सोना और कार लूटकर भागे बदमाश


जबलपुर के गोहलपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत खजरी-खिरिया बाइपास पर देर रात सनसनीखेज वारदात सामने आई। कटनी से लौट रहे नुनहाई इलाके के दो प्रमुख सराफा कारोबारी—दीपक जैन और आकाश सोनी—को नकाबपोश बदमाशों ने अपना शिकार बना लिया। बुधवार देर रात करीब 1 से 2 बजे के बीच जब दोनों कारोबारी अपनी लग्जरी कार रोककर नीचे उतरे, तभी एक्टिवा सवार तीन अज्ञात नकाबपोश बदमाश वहां पहुंचे। बदमाशों ने धारदार चाकू लहराते हुए व्यापारियों की घेराबंदी की, विरोध करने पर उनके साथ मारपीट की और कार की चाबी छीनकर जेवरातों से लदी पूरी गाड़ी लेकर फरार हो गए।

6 किलो चांदी, 300 ग्राम सोना और 5 लाख नकद ले उड़े थे बदमाश

लुटेरों ने जिस कार को लूटा था, उसमें बड़े पैमाने पर कीमती धातुएं और नकदी रखी हुई थी। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, कार में लगभग 6 किलोग्राम शुद्ध चांदी, 300 ग्राम सोना और ₹5 लाख नकद मौजूद थे। सूनसान बाइपास पर हुई इस दुस्साहसिक वारदात से व्यापारियों में दहशत फैल गई। घटना के तुरंत बाद पीड़ितों ने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पूरे शहर और सीमावर्ती इलाकों में हड़कंप मच गया।

कटंगी बाइपास पर लावारिस मिली कार, जेवरात सुरक्षित; आरोपियों की तलाश जारी

वारदात की सूचना मिलते ही आधारताल, कटंगी और पाटन थाना पुलिस ने जिलेभर में सघन नाकाबंदी कर वाहनों की चेकिंग शुरू की। गुरुवार सुबह पुलिस को कटंगी बाइपास के पास एक लावारिस काली कार खड़ी होने की सूचना मिली। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने तस्दीक की तो वह वही लूटी गई कार निकली। पुलिस और व्यापारियों के लिए राहत की बात यह रही कि कार में रखे जेवरात सुरक्षित बरामद हो गए। सीएसपी राजेश्वरी कौरव के अनुसार, तीनों अज्ञात लुटेरों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें गठित की गई हैं। तकनीकी साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर बदमाशों के संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।

Date & Time : 2026-10-29 13:55:30

Share:

Leave A Reviews

Related News