Office Address

Address Display Here

Phone Number

+91-9876543210

Email Address

info@deshbandhu.co.in

जबलपुर में पमरे महाप्रबंधक के साथ सांसदों की उच्चस्तरीय बैठक, नई ट्रेनों, स्टेशन विकास और यात्री सुविधाओं पर विस्तार से चर्चा


जबलपुर। पश्चिम मध्य रेलवे के महाप्रबंधक दिलीप कुमार सिंह की अध्यक्षता में गुरुवार, 22 अक्टूबर 2026 को जबलपुर रेल मंडल परिक्षेत्र के माननीय सांसदों की एक महत्वपूर्ण और वृहद बैठक आयोजित की गई। इस उच्चस्तरीय बैठक में क्षेत्र में यात्री सुविधाओं के विस्तार, नई रेल सेवाओं के संचालन, प्रमुख ट्रेनों के ठहराव, स्टेशन पुनर्विकास, नई रेल लाइनों के निर्माण तथा यात्री सुरक्षा और अधोसंरचना विकास से जुड़े विविध विषयों पर गहन विमर्श हुआ।

बैठक में सतना सांसद गणेश सिंह, रीवा सांसद जनार्दन मिश्रा, जबलपुर सांसद आशीष दुबे, सागर सांसद लता वानखेड़े, नर्मदापुरम सांसद दर्शन सिंह चौधरी, सीधी सांसद डॉ. राजेश मिश्र, दमोह सांसद राहुल सिंह लोधी तथा राज्यसभा सांसद माया नारोलिया व्यक्तिगत रूप से उपस्थित रहीं, जबकि अन्य सांसदों ने अपने अधिकृत प्रतिनिधियों के माध्यम से क्षेत्रीय प्रस्ताव व मांगें प्रेषित कीं।

बैठक की शुरुआत में महाप्रबंधक दिलीप कुमार सिंह ने सभी जनप्रतिनिधियों का स्वागत करते हुए यात्री सुरक्षा हेतु लागू की जा रही 'कवच' तकनीक, अमृत भारत स्टेशन योजना की प्रगति तथा ललितपुर-सिंगरौली रेल लाइन सहित मंडल की प्रमुख विकास परियोजनाओं की वस्तुस्थिति साझा की। इसके उपरांत मंडल रेल प्रबंधक कमल कुमार तलरेजा ने विस्तृत पावर पॉइंट प्रेजेंटेशन के जरिए जबलपुर रेल मंडल में गतिमान विकास कार्यों और आगामी योजनाओं का लेखा-जोखा सदन के समक्ष प्रस्तुत किया।

सांसदों ने रखीं नई ट्रेनों, ठहराव और स्टेशन विस्तार की मांगें

बैठक के दौरान सभी सांसदों ने अपने-अपने संसदीय क्षेत्रों की प्राथमिकताओं और जन-अपेक्षाओं को प्रमुखता से रखा। जबलपुर सांसद आशीष दुबे ने जबलपुर से अमृतसर और बनारस के लिए नई सीधी ट्रेनें शुरू करने, भिटौनी में जनशताब्दी का ठहराव देने, कोरोना काल से बंद गाड़ियों को पुनः चलाने, जबलपुर स्टेशन के पुनर्विकास में तेजी लाने तथा मदन महल, कछपुरा व आधारताल में सुविधाएं बढ़ाने का आग्रह किया। साथ ही उन्होंने गढ़ा, ग्वारीघाट और बरगी स्टेशनों को पमरे में शामिल करने और जबलपुर-दमोह-सागर रेलमार्ग के सर्वे की मांग उठाई।

सागर सांसद लता वानखेड़े ने सागर-छतरपुर-खजुराहो-भोपाल और ललितपुर-सागर-करेली-छिंदवाड़ा रेलमार्गों के सर्वे, जबलपुर-बेंगलुरु सीधी ट्रेन, मकरोनिया स्टेशन के विकास तथा बीना-कटनी रेलखंड पर कवच प्रणाली के विस्तार पर जोर दिया। सतना सांसद गणेश सिंह ने रीवा-सतना-चित्रकूट रूट पर वंदे भारत ट्रेन की संभावना तलाशने, सतना स्टेशन के पश्चिमी छोर पर प्लेटफॉर्म विस्तार, झुकेही में फुट ओवरब्रिज और ललितपुर-सिंगरौली लाइन में तेजी लाने की बात कही।

दमोह सांसद राहुल सिंह लोधी ने दमोह से नागपुर के लिए नई ट्रेन, दमोह स्टेशन पर पुलिस थाना और फुट ओवरब्रिज निर्माण का प्रस्ताव रखा। नर्मदापुरम सांसद दर्शन सिंह चौधरी ने बनखेड़ी, पिपरिया व सोहागपुर में सुविधाओं के विस्तार तथा इटारसी-प्रयागराज रूट की क्षमता वृद्धि पर बल दिया, जबकि राज्यसभा सांसद माया नारोलिया ने खानपान गुणवत्ता, स्वच्छता और पिपरिया-सोहागपुर में ट्रेनों के ठहराव का विषय उठाया। सीधी सांसद डॉ. राजेश मिश्र ने रीवा-सिंगरौली रेल लाइन को शीघ्र पूरा कराने और आरओबी-आरयूबी निर्माण में तेजी लाने तथा रीवा सांसद जनार्दन मिश्रा ने रीवा स्टेशन पर यात्री सुविधाओं को और आधुनिक बनाने के सुझाव दिए। खजुराहो सांसद प्रतिनिधि दीपक सोनी ने कटनी क्षेत्र की रेल समस्याओं को मंच पर रखा।

महाप्रबंधक ने दिया सकारात्मक कार्रवाई का भरोसा, उच्चाधिकारी रहे मौजूद

सांसदों द्वारा प्रस्तुत जनहितैषी प्रस्तावों और मांगों को गंभीरता से लेते हुए महाप्रबंधक दिलीप कुमार सिंह ने स्पष्ट किया कि सभी बिंदुओं पर संबंधित विभागाध्यक्षों के साथ तकनीकी व वित्तीय व्यवहार्यता का परीक्षण कराया जाएगा। उन्होंने नियमों के दायरे में रहकर यात्री सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण, लंबित कार्यों को गति देने और नई रेल सेवाओं के संबंध में रेलवे बोर्ड स्तर पर आवश्यक पत्राचार करने का पूर्ण आश्वासन दिया।

इस महत्वपूर्ण बैठक में पश्चिम मध्य रेलवे के अपर महाप्रबंधक एकनाथ मोहकर, मंडल रेल प्रबंधक कमल कुमार तलरेजा सहित जोनल मुख्यालय व जबलपुर मंडल के समस्त शाखा अधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का कुशल मंच संचालन उप महाप्रबंधक (सामान्य) मनीष कुमार पटेल द्वारा संपन्न किया गया।

Date & Time : 2026-10-22 14:20:33

Share:

Leave A Reviews

Related News