
नरसिंहपुर। भारतीय रेलवे द्वारा संचालित विशेष अभियान 6 के अंतर्गत नरसिंहपुर रेलवे स्टेशन पर 'रेल जन संवाद' कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। यह मुख्य कार्यक्रम स्टेशन प्रबंधक कार्यालय के समक्ष प्लेटफॉर्म क्रमांक एक पर संपन्न हुआ, जिसका प्राथमिक उद्देश्य रेल यात्रियों और सफाई कर्मियों के साथ सीधा संवाद स्थापित कर स्टेशन परिसर की व्यवस्थाओं व स्वच्छता को और अधिक सुदृढ़ बनाना रहा।
आयोजन के दौरान रेलवे चिकित्सक डॉ. आर. आर. कुर्रे ने उपस्थित महिला एवं पुरुष यात्रियों से सीधा संवाद किया और स्टेशन पर मिलने वाली सुविधाओं को लेकर उनके अनुभवों व विचारों को जाना। यात्रियों ने प्लेटफॉर्म व ट्रेन बोगियों की वर्तमान साफ-सफाई व्यवस्था को संतोषजनक बताते हुए स्टेशन प्रबंधन की सराहना की तथा यात्रा को और अधिक सुगम बनाने के लिए अपने बहुमूल्य सुझाव भी साझा किए।

संवाद के दौरान राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के स्वच्छता संदेश को रेखांकित करते हुए सफाई मित्रों और यात्रियों के साथ विचार-विमर्श किया गया। डॉ. आर. आर. कुर्रे ने कहा कि स्वच्छता एक निरंतर चलने वाली प्रक्रिया है और स्टेशन परिसर को स्वच्छ बनाए रखने में रेल प्रशासन के साथ-साथ प्रत्येक नागरिक की समान सहभागिता आवश्यक है। उन्होंने यात्रियों से अपील की कि वे प्लेटफॉर्म और पटरियों पर कचरा न फेंकें, ताकि 'स्वच्छ रेल, स्वच्छ भारत' के राष्ट्रीय संकल्प को पूर्ण रूप से साकार किया जा सके।
इस अवसर पर मंडल परिचालन प्रबंधक (डीओएम), पाल साहब, राजभाषा विभाग से नवीन सर व साहू सर, सहायक मंडल अभियंता (एडीएन) सुनील जाट सहित रेलवे के अनेक अधिकारी, कर्मचारी, सफाई मित्र और बड़ी संख्या में आम यात्री उपस्थित रहे। कार्यक्रम में प्राप्त सभी सकारात्मक सुझावों को आगामी कार्ययोजना में शामिल करने की बात कही गई।
Leave A Reviews