
सिवनी. मध्य प्रदेश के सिवनी जिले के बंडोल थाना क्षेत्र के अंतर्गत राष्ट्रीय राजमार्ग-44 पर भोंगाखेड़ा के पास गुरुवार की देर शाम एक सराफा व्यापारी के साथ सनसनीखेज लूट की वारदात सामने आई। बंडोल के साप्ताहिक बाजार से अपनी दुकान समेटकर लौट रहे सराफा व्यापारी योगेंद्र बघेल को तीन बाइकों पर सवार सात अज्ञात बदमाशों ने घेर लिया और उनकी आंखों में लाल मिर्च का पाउडर झोंक दिया। मिर्च का पाउडर पड़ने से व्यापारी बाइक सहित हाईवे पर गिर पड़े, जिसके बाद बदमाशों ने सोने-चांदी के जेवरों से भरी लोहे की पेटी और एक अन्य थैला छीन लिया।
लूट का विरोध करने पर बेखौफ बदमाशों ने व्यापारी को चाकू दिखाया और जान से मारने की नीयत से काफी दूर तक खदेड़ा। अपनी जान बचाने के लिए व्यापारी हाईवे की दूसरी लेन (जबलपुर रूट) की तरफ कूद गए और झाड़ियों में छिपकर अपनी जान बचाई। इस दौरान उन्होंने गुजरने वाले वाहनों से मदद मांगने की भी कोशिश की, लेकिन किसी के न रुकने पर बदमाश आसानी से जेवरों से भरा बक्सा और थैला लेकर जबलपुर की दिशा में फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। बंडोल थाना प्रभारी मनोज जंघेला समेत पुलिस बल तत्काल मौके पर पहुंचा। एसपी कृष्ण लालचंदानी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दीपक मिश्रा और एसडीओपी चंचलेश मरकाम सहित तमाम वरिष्ठ अधिकारियों ने घटनास्थल और साप्ताहिक बाजार का निरीक्षण किया। पुलिस लूटे गए जेवरों की कुल कीमत का आकलन कर रही है। साथ ही, हाईवे के किनारे स्थित ढाबों और टोल प्लाजा के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। वारदात के तौर-तरीकों को देखकर पुलिस का अनुमान है कि बदमाशों ने इस घटना को अंजाम देने से पहले व्यापारी की पूरी रेकी की थी।
Leave A Reviews