Office Address

Address Display Here

Phone Number

+91-9876543210

Email Address

info@deshbandhu.co.in

झाबुआ में भीषण सड़क हादसा: ट्रक-पिकअप भिड़ंत के बाद लगी आग, ड्राइवर की जिंदा जलकर मौत


झाबुआ (थांदला). मध्य प्रदेश के झाबुआ जिले में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे के पहुंच मार्ग पर शुक्रवार देर रात एक दर्दनाक हादसा हो गया. थांदला के समीप एक्सप्रेस-वे को जोड़ने वाली सड़क पर ट्रक और पिकअप वाहन के बीच हुई आमने-सामने की जोरदार भिड़ंत में पिकअप चालक की मौके पर ही जिंदा जलकर मौत हो गई.

यह घटना शुक्रवार रात लगभग 11:50 बजे की बताई जा रही है. प्रत्यक्षदर्शियों और पुलिस के अनुसार, एक नागालैंड नंबर का ट्रक एक्सप्रेस-वे की ओर बढ़ रहा था, तभी सामने से आ रही एक पिकअप से उसकी सीधी टक्कर हो गई. पहुंच मार्ग (एप्रोच रोड) की चौड़ाई बेहद कम होने के कारण दोनों वाहनों के चालकों को संभलने का मौका नहीं मिला और जोरदार टक्कर हो गई.

टक्कर के तुरंत बाद धधकी आग, बाहर नहीं निकल सका चालक
टक्कर इतनी भीषण थी कि दुर्घटना के चंद सेकंड बाद ही दोनों वाहनों में भयानक आग लग गई. आग की लपटें इतनी तेज थीं कि पिकअप के केबिन में फंसा चालक वाहन से बाहर निकलने में असमर्थ रहा. इस दर्दनाक हादसे में मियाटी निवासी 30 वर्षीय तेरु पिता खिमा भाबर की झुलसने से मौके पर ही मृत्यु हो गई.

हादसे के बाद ट्रक चालक अपने वाहन को जलता हुआ छोड़कर मौके से फरार हो गया. आग की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस प्रशासन और दमकल की गाड़ियां तुरंत घटनास्थल पर पहुंचीं. पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया और शव को कब्जे में लेकर यातायात व्यवस्था को सुचारू कराया.

मां के इलाज का बोलकर ले गया था गाड़ी
थांदला थाना प्रभारी डाली गिरी ने बताया कि मृतक तेरु शराब पीने का आदी था. वह हादसे की रात अपने दूर के रिश्तेदार (जीजा) से यह कहकर पिकअप मांगकर ले गया था कि उसकी मां की तबीयत खराब है और उन्हें इलाज के लिए ले जाना है. आशंका जताई जा रही है कि दुर्घटना के समय चालक अत्यधिक शराब के नशे में था, जिसके कारण टक्कर के बाद वह खुद को संभालकर गाड़ी से बाहर नहीं निकाल सका.

सड़क की चौड़ाई कम होने से बढ़ रहे हादसे
स्थानीय ग्रामीणों ने एक्सप्रेस-वे के पहुंच मार्गों की कम चौड़ाई पर गहरा आक्रोश और चिंता जताई है. ग्रामीणों का कहना है कि एक्सप्रेस-वे को जोड़ने वाले मार्गों पर चौड़ाई कम होने और भारी वाहनों की आवाजाही अधिक होने के कारण आए दिन हादसे हो रहे हैं. पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है और फरार ट्रक चालक की तलाश की जा रही है.

Date & Time : 2026-08-29 07:42:51

Share:

Leave A Reviews

Related News